अहमदाबाद

Ahmedabad: धंधुका में युवक की हत्या के बाद आगजनी मामले में एसआइटी गठित

-उपाधीक्षक की अगुवाई में चार सदस्यीय समिति करेगी जांच, रातभर किया गया गश्त, शांतिपूर्ण माहौल में हुआ अंतिम संस्कार, लोगों में रोष

2 min read
धंधुका में आग के चलते जलीं दुकानें।

Ahmedabad. जिले के धंधुका थाना क्षेत्र में नशीब सोसाइटी के पास शनिवार दोपहर करीब एक बजे वाहन पार्किंग के मुद्दे को लेकर दो युवकों ने बाइक चालक की चाकू मार कर हत्या कर दी।इसके बाद इलाके में आगजनी व तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं। इलाके में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए रातभर पुलिस ने गश्त किया। हत्या के मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच समिति (एसआइटी) का गठन किया है। मृतक का शांतिपूर्ण माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इलाके में कोई अनिच्छनीय घटना ना बने इसके लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। दोनों ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश जाट ने रविवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश प्रजापति की अगुवाई में चार सदस्यीय एसआइटी गठित की है। यह समिति हत्या के मामले की जांच करेगी। इसमें पीआइ रघु करमटिया , करण विहोल और पीएसआई एस.एच.झाला को सदस्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की दैनिक आधार पर मॉनीटरिंग की जाएगी। समिति एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। अधीक्षक ने बताया कि पीडि़त को इस मामले में समय से न्याय दिलाने और मामले की जांच को तेज गति से, बेहतर तरीके से करने क लिए समिति गठित की गई है। स्पेशल पब्लिक प्रोसिक्यूटर की नियुक्ति की भी प्रक्रिया की जाएगी।

समाज को किया जा रहा है टार्गेट: गोविंदभाई

मृतक के भाई गोविंदभाई गमारा ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि हमारी एक ही मांग है कि हमें न्याय मिले। आए दिन हमारे समाज के युवाओं को टार्गेट किया जा रहा है। चार, पांच साल में समाज के एक युवक की हत्या की जा रही है। पुलिस का सहयोग मिल रहा है। प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। शनिवार को भी इन लोगों ने उनके भाई को टार्गेट किया। उनका भाई घर पर रहकर पशुपालन करके अपना जीवन यापन कर रहा था।

दो लोगों विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज

हत्या के मामले में धंधुका के मोटी जोंक गांव निवासी राहुल गमारा ने धंधुका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें धंधुका नशीब सोसाइटी निवासी रिजवान मणियार और समीर एमदाणी पर हत्या का आरोप लगाया है। प्राथमिकी के तहत राहुल गमारा और धर्मेश गमारा दोनों बाइक से उनके एक परिजन का हालचाल पूछने जा रहे थे। रास्ते में धर्मेश ने राहुल को बताया कि दोपहर के समय उनकी बैंक के पास बाइक पार्क करने को लेकर रिजवान और समीर के साथ कहासुनी हो गई थी। दोनों नशीब सोसाइटी से गुजर रहे थे, तभी रिजवान और समीर ने धर्मेश की बाइक रोक ली और दोपहर की कहासुनी की बात कहते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। समीर ने पकड़ लिया और रिजवान ने धर्मेश की जांघ पर चाकू से वार कर दिया। धर्मेश उनसे बचकर भागे लोगों के इकट्ठा हो जाने से आरोपी वहां से फरार हो गए। धर्मेश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया वहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

आरोपियों के घरों की होगी जांच, अवैध मिला तो टूटेगा

पुलिस सूत्रों के तहत हत्या में लिप्त आरोपियों के घरों की जांच की जाएगी। नगरपालिका प्रशासन के साथ मिलकर जांच करने पर यदि वह नियम के विरुद्ध मिला, अतिक्रमण किया हुआ पाया गया तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
19 Apr 2026 10:13 pm
Also Read
View All