ऐतिहासिक उपलब्धि अंग प्रत्यारोपण के मरीजों के लिए नई उम्मीद बनी
एशिया के सबसे बड़े Ahmedabad सिविल मेडिसिटी स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजीज एंड रिसर्च सेंटर (आइकेडीआरसी) ने वर्ष 2025 में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। देश में पहली बार किसी सरकारी अस्पताल ने एक ही वर्ष में 500 किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक पूरे किए। यह उपलब्धि न केवल चिकित्सा जगत में नया कीर्तिमान है बल्कि अंग प्रत्यारोपण के मरीजों के लिए नई उम्मीद भी बनी है।गुजरात सरकार के स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में इस वर्ष इस अस्पताल में सबसे अधिक किडनी ट्रांसप्लांट कर देश के सार्वजनिक अस्पतालों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया। इन 500 ट्रांसप्लांट में 367 पुरुष और 133 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 330 मरीज गुजरात के थे जबकि 170 अन्य राज्यों से आए। तकनीकी दृष्टि से भी यह वर्ष उल्लेखनीय रहा। इस वर्ष 157 कैडेवर (ब्रेनडेड से प्राप्त किडनी) ट्रांसप्लांट किए गए, 90 स्वैप ट्रांसप्लांट, 49 बच्चों के ट्रांसप्लांट और 43 रोबोटिक ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए गए। आधुनिक तकनीक और कुशल चिकित्सकों के प्रयास से ये जटिल ऑपरेशन संभव हो सके।
अस्पताल में 500 में से 318 ट्रांसप्लांट प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) के तहत हुए। इसके अलावा स्कूल हेल्थ प्रोग्राम में 29, एससी वर्ग के 24, एसटी वर्ग के सात ट्रांसप्लांट किए।
कुल ट्रांसप्लांट: 500
पुरुष मरीज: 367
महिला मरीज: 133
गुजरात से मरीज: 330
अन्य राज्यों से मरीज: 170
कैडेवर ट्रांसप्लांट: 157
स्वैप ट्रांसप्लांट: 90
पीडियाट्रिक ट्रांसप्लांट: 49
रोबोटिक ट्रांसप्लांट: 43