-पीडि़ता ने पिता पर जताया था शक, आरोपी ने लगाया था हेलमेट, क्राइम ब्रांच ने आरोपी पति को पकड़ा, छह महीने से अलग रह रहे थे पति-पत्नी
Ahmedabad. शहर के सरदारनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात 28 वर्षीय विवाहिता पर एसिड अटैक की घटना सामने आई है। विवाहिता की सोसाइटी के गेट के पास ही दुपहिया वाहन पर आए एक व्यक्ति ने बोतल से उसके ऊपर एसिड फेंक दिया और बाइक लेकर फरार हो गया। आरोपी ने चेहरे पर हेलमेट लगाया था, जिससे पीडि़ता उसे पहचान नहीं सकी। पीडि़ता ने इस मामले में उसके पिता पर शंका जताते हुए सरदारनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में जुटी। एक टीम ने इस मामले में लिप्त आरोपी को पकड़ा। आरोपी विवाहिता का पति निकला जिसे पकड़कर सरदारनगर पुलिस को सौंप दिया गया।
प्राथमिकी के तहत वर्ष 2023 में पीडि़ता ने आरोपी के साथ प्रेम विवाह किया जो उसके पिता को पसंद नहीं था। छह महीने से पीडि़ता व उसके पति में अनबन हो जाने के चलते और मेल नहीं होने से दोनों अलग-अलग रह रहे थे। पीडि़ता शहर के नरोडा गैलेक्सी के पास स्थित एक सोसाइटी में उसकी मां के साथ रह रही थी।
प्राथमिकी के तहत पीडि़ता वाहन के एक शोरूम में नौकरी करती है। वह 27 मार्च की रात करीब 7.45 बजे नरो़डा गैलेक्सी के पास ऑटो से उतरी और चलते हुए पास ही अपने घर जा रही थी। वह अपनी सोसाइटी के गेट के अंदर घुसी ही थी कि एक अज्ञात बाइक चालक उसके पीछे आया। पीडि़ता ने जैसे ही उसकी ओर पीछे मुड़कर देखा तो उसने बोतल से एसिड जैसा ज्वलनशील पदार्थ उसके ऊपर फेंक दिया। एसिड उसके होठ और आंख पर गिरा, जिससे उसे जलन होने लगी। 108 एंबुलेंस के जरिए उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे एम.एड.जे आंख हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।बताया जाता है कि पीडि़ता की मां ने भी अपने पति के विरुद्ध भरण-पोषण का केस किया है। पीडि़ता, उसके भाई बहन और मां पिता से 13 साल से अलग रह रहे हैं।