अहमदाबाद

बिना मेगा इवेंट पहली बार एक ही दिन में दो लाख यात्रियों ने किया मेट्रो में सफर

यह उपलब्धि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आइपीएल, विश्व कप जैसे क्रिकेट मुकाबलों अथवा कोल्ड प्ले जैसे बड़े संगीत कार्यक्रम के बिना हासिल हुई है।
2 min read
metro train in ahmedabad
फाइल फोटो।

ahmedabad news मेट्रो ने पहली बार बिना किसी मेगा इवेंट के एक ही दिन में दो लाख यात्रियों के सफर का आंकड़ा छूकर नया कीर्तिमान बनाया है।गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (जीएमआरसी) के अनुसार, अगस्त माह में दैनिक यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है। दो दिनों में दो लाख का आंकड़ा पार कर गई।

जीएमआरसी के अनुसार अगस्त में तीन अगस्त को एक लाख 99 हजार 789, चार अगस्त को एक लाख 98 हजार 131, सात अगस्त को एक लाख 99 हजार 339 यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया। इसके बाद 10 अगस्त को पहली बार दैनिक यात्रियों की संख्या बढ़कर दो लाख 436 पहुंच गई। वहीं 12 अगस्त को यह आंकड़ा बढ़कर दो लाख तीन हजार 215 रही, जो इस अवधि का सर्वाधिक दैनिक यात्री आंकड़ा है।

13 अगस्त को भी एक लाख 97 हजार 869 यात्रियों ने मेट्रो सेवा का उपयोग किया।यदि जुलाई के आंकड़ों से तुलना करें तो 23 जुलाई को एक लाख 95 हजार 522, 28 जुलाई को एक लाख 95 हजार 210 यात्रियों ने सफर किया था। इससे स्पष्ट है कि अगस्त में सामान्य दिनों में भी यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी और दो लाख के आंकड़े तक पहुंच गई।

पहली पसंद बन रही है मेट्रो ट्रेन

जीएमआरसी के तहत बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा की यात्रा के लिए मेट्रो को पहली पसंद बना रहे हैं। इससे न केवल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिला है, बल्कि अहमदाबाद मेट्रो की सेवाएं भी लगातार मजबूत हो रही हैं।

यात्रियों का बढ़ता भरोसा, सार्वजनिक परिवहन को मिल रही मजबूती

अहमदाबाद मेट्रो में लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या यह संकेत दे रही है कि शहर में सार्वजनिक परिवहन के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। नियमित कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी और अन्य यात्री बड़ी संख्या में मेट्रो को प्राथमिकता दे रहे हैं। समय की बचत, ट्रैफिक जाम से राहत और सुविधाजनक सफर के कारण सामान्य दिनों में भी यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जीएमआरसी का मानना है कि दैनिक यात्रियों में हो रही यह बढ़ोतरी भविष्य में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे शहर में निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने की भी उम्मीद है।

जुलाई में प्रतिदिन यात्रियों की संख्या

23 जुलाई - 195522

28 जुलाई - 195210

29 जुलाई - 198162

30 जुलाई -194904

अगस्त में बढ़ी रफ्तार

3 अगस्त- 1,99,789

4 अगस्त - 198131

5 अगस्त -193556

6 अगस्त - 196561

7 अगस्त - 199339

10 अगस्त -200436

12 अगस्त - 203215

13 अगस्त - 197869

Updated on:
14 Aug 2026 09:57 pm
Published on:
14 Aug 2026 09:57 pm