
एसीबी मुख्यालय।
Ahmedabad. स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को गुजरात राज्य भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम एक्शन में रही। एसीबी की टीमों ने शुक्रवार को एक ही दिन में दो ट्रैप की कार्रवाई करते हुए तीन लोगों घूस लेने के आरोप में पकड़ा है। पहली कार्रवाई में राज्य कर विभाग के दो अधिकारियों को 25 हजार रुपए और दूसरी कार्रवाई में एक ग्राम पंचायत के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को 2500 रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है।
एयर कंप्रेसर का काम करने वाले व्यापारी ने एसीबी में की शिकायतअहमदाबाद. एसीबी खेड़ा की टीम ने शुक्रवार को लालदरवाजा बहुमाळी भवन में सहायक राज्य कर आयुक्त कार्यालय, घटक-6 में ट्रैप की कार्रवाई करते हुए स्टेट टैक्स ऑफिसर (वर्ग-2) कमलेशकुमार ठाकोर और राज्य कर निरीक्षक (वर्ग-3) मो. अजीज मंसूरी को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया।एसीबी के अनुसार एयर कंप्रेसर की बिक्री और सर्विस का काम करने वाले व्यापारी ने व्यवसाय में आर्थिक तंगी के कारण अप्रेल से जून का तिमाही जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं किया था।
जीएसटी टैक्स की राशि भी जमा नहीं की थी। ऐसे में जीएसटी की ओर से व्यापारी की कंपनी का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया। उसे अनफ्रीज कराने के लिए व्यापारी सहायक राज्य कर आयुक्त कार्यालय, घटक-6 के कार्यालय में कर निरीक्षक मो. अजीज मंसूरी से मिले। मंसूरी ने राज्य कर अधिकारी ठाकोर से बातचीत करने के बाद आरोप है कि व्यापारी के बैंक खाते अनफ्रीज करने के लिए 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहते थे इसलिए उन्होंने इसकी शिकायत एसीबी में कर दी। उसके आधार पर शुक्रवार को एसीबी थाने की टीम ने लालदरवाजा बहुमंजिला इमारत में ट्रैप करते हुए इन दोनों अधिकारियों को 25 हजार की रिश्वत स्वीकार करते हुए पकड़ लिया।
अहमदाबाद. ग्रामीण एसीबी की टीम ने शुक्रवार को जिले की देत्रोज तहसील के डांगरवा ग्राम पंचायत के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मनूजी ठाकोर को 2500 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा। एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम पर सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान मंजूर हुआ। मकान बनाने के लिए मिलने वाली सहायता राशि प्राप्त करने के लिए शिकायतकर्ता अपने गांव की ग्राम पंचायत में पटवारी (तलाटी) मंत्री से मिलने गए। आरोप है कि पटवारी ने कहा कि अप्रत्यक्ष रूप से मकान की सहायता के लिए रिश्वत की मांग की। इसके लिए पंचायत के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मनूजी ठाकोर से मिलने को कहा।
शिकायतकर्ता ने मनुजी ठाकोर से संपर्क किया तो उसने 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इसमें 2500 रुपए एडवांस और बाकी 2500 रुपए मकान की सहायता मंजूर होने के बाद देने को कहा गया। शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम नहीं देना चाहते थे। उन्होंने अहमदाबाद ग्रामीण एसीबी पुलिस स्टेशन से संपर्क कर इसकी शिकायत की। जिसके आधार पर शुक्रवार को टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने मनूजी ठाकोर ने शिकायतकर्ता से 2500 रुपए की रिश्वत स्वीकार कर ली, जिसके पर एसीबी की टीम ने उसे मौके से पकड़ लिया। उससे 2500 रुपए की रिश्वत की रकम बरामद की। इस मामलेे में तलाटी मंत्री की लिप्तता की जांच की जाएगी।
Updated on:
14 Aug 2026 10:27 pm
Published on:
14 Aug 2026 10:27 pm
