-मनपा आयुक्त की ओर से पेश 14001 करोड़ के ड्राफ्ट बजट में 1501 करोड़ की वृद्धि
अहमदाबाद शहर में रहने वाले लोगों पर अहमदाबाद महानगर पालिका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में किसी नए कर का बोझ नहीं डाला है। साथ ही किसी मौजूदा कर में कोई वृद्धि नहीं की है। शुक्रवार को अहमदाबाद महानगर पालिका की स्थायी समिति की विशेष बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए 15502 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दे दी गई।
स्थायी समिति, शासक दल की ओर से मनपा आयुक्त की ओर से पेश किए गए 14001 करोड़ के ड्राफ्ट बजट में 1501 करोड़ की वृद्धि करते हुए कुल 15502 करोड़ का बजट पारित किया गया।महापौर प्रतिभा जैन और स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांग दाणी ने संवाददाताओं को बताया कि स्थायी समिति ने 1501 करोड़ की वृद्धि की है। इसमें 473.92 करोड़ रुपए राजस्व खर्च में बढ़ाने और 1027 करोड़ विकास कार्यों में बढ़ाने की सिफारिश की गई है। ऐसे में अब वर्ष 2025-26 में विकास कार्यों पर 8828 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जबकि राजस्व खर्च के लिए 6673.92 करोड़ आवंटित किए हैं। कोई नया कर नहीं लगाया है। न ही किसी कर में वृद्धि की है।
इलेक्टि्रक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2025-26 में सभी प्रकार के इलेक्टि्रक वाहनों को मनपा ने वाहन कर में 100 फीसदी की छूट देने की घोषणा की गई है। इससे शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। मनपा इमारतों में स्थित ट्रस्ट के अस्पतालों और ट्रस्ट संचालित फिजियोथेरेपी सेंटरों को भी संपत्ति कर में 70 फीसदी की छूट दी जाएगी। हालांकि यह छूट उन्हें ट्रस्ट को मिलेगी जिन्होंने वर्ष 2024-25 तक के सभी टैक्स चुकाए हों।
मनपा ने संपत्ति कर का एडवांस में भुगतान करने वाले नागरिकों को अब 10 की जगह 12 फीसदी रिबेट देने की घोषणा की है। ऑनलाइन भुगतान करने पर एक फीसदी की राहत और मिलेगी। लगातार तीन साल से एडवांस टैक्स देने वाले करदाताओं को दो फीसदी की अतिरिक्त राहत और यदि वे फिर ऑनलाइन भुगतान करते हैं तो एक फीसदी और यानी 15 फीसदी की राहत दी जाएगी।
दाणी ने बताया कि स्थायी समिति की ओर से की गई वृद्धि के साथ वर्ष 2025-26 के बजट में खेल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवा, प्रदूषण और झुग्गी मुक्त शहर, ट्रैफिक समस्या मुक्ति पर जोर दिया गया है। सर्वांगीण विकास, तकनीक का इस्तेमाल करने, तालाबों के विकास को भी तवज्जो दी गई है।
शहर में आए दिन सड़कों पर पड़ने वाले गड्ढों की समस्या दूर करने के लिए स्थायी समिति ने सभी जोन में ड्रेनेज और स्टॉर्म वाटर की लाइनों की मरम्मत का निर्णय किया है। इसके लिए 50 करोड़ आवंटित किए हैं। एलिस ब्रिज वॉर्ड में श्रेयस ब्रिज से जयदीप टावर, श्रेयस टेकरा चार रास्ता से आयोजन नगर सोसायटी और जीवराज मेहता हॉस्पिटल तक की ड्रेनेज लाइन अपग्रेड की जाएगी। विराटनगर वार्ड में जीवनवाडी पंपिंग स्टेशन की राइजिंग लाइन अपग्रेड होगी। दरियापुर वार्ड में ड्रेनेज लाइन को सिस्टेमेटिक किया जाएगा। ओढव वार्ड टीपी एक में ड्रेनेज लाइन की मरम्मत होगी।इसके अलावा वस्त्राल वॉर्ड में युनाइटेड स्कूल के पास, अमराईवाड़ी वार्ड में, कठवाडा गाम में ड्रेनेज नेटवर्क डाला जाएगा। ओढव में फायर स्टेशन से केनाल तक नई स्टॉर्म वॉटर लाइन डाली जाएगी। वासणा वार्ड में वर्षा फ्लैट से बैरेज तक इंटरसेप्टर लाइन डाली जाएगी। इसके लिए 50 करोड़ आवंटित किए हैं।
मनपा में कुछ समय पहले ही शामिल नए विकसित क्षेत्र कि जिसमें भाडज, ओगण, घुमा, जगतपुर, चेनपुर, चिलोडा, कठवाडा, लांभा, ग्यासपुर व अन्य क्षेत्रों में प्राथमिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए 50 करोड़ का प्रस्ताव स्थायी समिति ने किया है। बोपल-घुमा, भाडज-ओगणज, नाना चिलोडा, कठवाडा, लक्क्ष्मीपुरा, हंसपुरा, राणीप, सरखेज व अन्य वार्ड में वॉटर डिस्ट्रीब्यूशन स्टेशन और नई पानी की लाइन डाली जाएगी। इसके लिए 50 करोड़ का प्रावधान किया है। 488 वर्ग किलोमीटर में फैले अहमदाबाद शहर में 80 लाख की आबादी है। इसे हर दिन 140-150 लीटर प्रति व्यक्ति जलापूर्ति की जाती है। अभी 233 वॉटर डिस्ट्रीब्यूशन स्टेशन हैं। नए क्षेत्रों में जलापूर्ति का नेटवर्क नहीं है। ऐसे में इन इलाकों में नया नेटवर्क डाला जाएगा और स्टेशन स्थापित होंगे।