Ahmedabad, Murder, Pradeep don, Sola, Crime, पारिवारिक जीजा ने ही मित्रों के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट
अहमदाबाद. शहर के चांदलोडिया, सोला इलाके में मारपीट, धमकी, फिरौती सहित कई मामलों को अंजाम देने वाले प्रदीप उर्फ माया डॉन की उसी के घर पर हत्या कर दी गई। उसी के पारिवारिक जीजा अनीश पांडे व उसके सात अन्य मित्रों की ओर से ही हत्या करने का मामला सामने आया है। इस मामले में सोला पुलिस ने प्रदीप के मित्र विश्वजीत गोस्वामी की शिकायत पर अनीश पांडे सहित आठ आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। दो आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार की मध्यरात्रि बाद चाणक्यपुरी शायोना सिटी के पास परषोत्तमनगर विभाग दो में स्थित प्रदीप डॉन के घर पर ही हुई। पुराने झगड़े को लेकर प्रदीप का पारिवारिक जीजा अनीश पांडे, राहुल व अन्य के साथ समाधान की बातचीत के लिए प्रदीप के घर आए थे। इस दौरान प्रदीप ने आवेश में आकर अनीश व उसके मित्रों की पिटाई की और विश्वजीत से कहकर उसका वीडियो भी बनवाया था। इस समय तो अनीश व उसके मित्र वहां से चले गए।
लेकिन शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अनीश पांडे उसके मित्र राहुल शर्मा, अनिल कोरी, राहुल कोरी, नितिन, अमावश, प्रीतम और अमावश का मित्र के साथ हाथों में तलवार और डंडे लेकर प्रदीप के घर फिर आ पहुंचे।
आरोपियों ने घर में घुसकर विश्वजीत व प्रदीप तथा प्रदीप के साथ उसके घर ठहरे उसके अन्य मित्र अक्षय भरवाड़ और काजल से मारपीट की। बाद में प्रदीप पर तीक्ष्ण हथियार से हमला कर उसकी हत्या करके फरार हो गए। उसके शव को मकान के बाहर फेंक दिया। इस दौरान आरोपियों ने विश्वजीत, अक्षय और काजल को रसोई में बंद कर दिया था। रसोई का दरवाजा किसी प्रकार से खोलकर जब विश्वजीत, अक्षय, काजल बाहर निकले तब पुलिस को सूचना दी।
आरोपी प्रदीप पर एक दर्जन से भी ज्यादा मारपीट, धमकी देने, फिरौती, आम्र्स एक्ट के मामले दर्ज थे।