अहमदाबाद

औडा की 311वीं बोर्ड बैठक में चार नई टीपी स्कीम बनाने को मंजूरी, 14 टीपी स्कीमों के पुनर्गठन का रास्ता साफ

कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 में अहमदाबाद में होने वाले हैं। उसे देखते हुए अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण ने मनपा क्षेत्र के आसपास विकास को गति देने के लिए कई अहम निर्णय किए हैं।
2 min read
auda
औडा।

Ahmedabad. अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण (औडा) की शुक्रवार को हुई 311वीं बोर्ड बैठक में चार नई टाउन प्लानिंग (टीपी) स्कीम बनाने को मंजूरी दी गई। इन नई योजनाओं के जरिए करीब 500 हेक्टेयर क्षेत्र का शहरीकरण होगा और नए रास्तों व आधारभूत सुविधाओं के विकास का रास्ता खुलेगा।

देहगाम से साणंद तक नए विकास क्षेत्र

औडा की ओर से बनाई जाने वाली चार नई टीपी स्कीमें देहगाम, गोधावी, काणेटी, साणंद और निघराड गांवों में विकसित की जाएंगी। नई टीपी स्कीमों के जरिए संबंधित क्षेत्रों में जरूरी भूखंड औडा को उपलब्ध होंगे, जिनका उपयोग आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए किया जा सकेगा। नए रास्तों का निर्माण तेजी से हो सकेगा। इन क्षेत्रों की अहमदाबाद से कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

14 टीपी स्कीमों के पुनर्गठन का रास्ता साफ

बैठक में अहमदाबाद के आसपास विकसित हो रहे क्षेत्रों में 14 टीपी स्कीमों के अंतर्गत प्राधिकरण को मिलने वाले रिजर्वेशन प्लॉट और रास्तों के संबंध में परामर्श, अनुमोदन भी दिया गया। इनमें भुवालड़ी-कणभा-कठवाडा-सणगरवा की टीपी स्कीम नंबर 120, विसलपुर की टीपी स्कीम नंबर 430, बारेजा-नांदेज-देवडी की टीपी नंबर 01, नंदेज-देवडी की टीपी नंबर 02, कलोल-सईज-बोरीसणा की टीपी नंबर 06, जेतलपुर की टीपी नंबर 130, असलाली-लांभा की टीपी नंबर 420, देहगाम की टीपी नंबर 01, सणाथल-तेलाव की टीपी नंबर 91/A, मुठिया-बिलासिया-एणासण की टीपी नंबर 413, चेखला-गोधावी-गरोडिया-वांसजडा-ढेकिडया-उनाली की टीपी नंबर 440 और 352, सांतेज-रकनपुर की टीपी नंबर 151 और टीपी स्कीम 307 शामिल हैं।

निर्णयनगर, घाटलोडिया में 708 फ्लैट का होगा रिडेवलपमेंट

बोर्ड की बैठक में निर्णयनगर-घाटलोडिया और मेमनगर की दो आवास योजनाओं के रीडेवलपमेंट को भी मंजूरी दी गई। वर्ष 2001 में निर्मित निर्णयनगर-घाटलोडिया टीपी स्कीम नंबर 02 के फाइनल प्लॉट नंबर 282 स्थित नंदनवन आवास के 624 फ्लैट और वर्ष 1988 में आवंटित मेमनगर टीपी स्कीम नंबर 01 के फाइनल प्लॉट नंबर 140 स्थित महात्मा गांधी वसाहत के 84 फ्लैट की जांच में स्ट्रक्चर कमजोर पाया गया। दोनों योजनाओं के नियमानुसार रीडेवलपमेंट का प्रस्ताव रखा गया, वह मंजूर होने से 708 फ्लैट के निवासियों को नए और आधुनिक आवास मिलने का रास्ता खुला है।

निर्माण स्थलों पर नियम तोड़े तो लगेगा जुर्माना

औडा क्षेत्र में निर्माण स्थलों पर गुड कंस्ट्रक्शन प्रेक्टिस का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ अलग-अलग चरणों में कार्रवाई और जुर्माने का प्रावधान लागू करने का फैसला किया गया।

15 व्यावसायिक प्लॉट का होगा ई-ऑक्शन

औडा ने छह अलग-अलग टीपी स्कीमों में स्थित 15 व्यावसायिक भूखंडों को ई-ऑक्शन के जरिए बेचने का निर्णय भी किया है। ये प्लॉट टीपी स्कीम नंबर 22 और 44 (चांदखेड़ा), टीपी स्कीम नंबर 3 (बोपल), टीपी स्कीम नंबर 38 और 39 (थलतेज) तथा टीपी स्कीम नंबर 45 (चांदलोडिया-गोता) में स्थित हैं। इन भूखंडों की बिक्री लैंड डिस्पोजल पॉलिसी के प्रावधानों के अनुसार समिति द्वारा तय आधार कीमत पर ई-ऑक्शन के जरिए की जाएगी। इससे संबंधित क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

Updated on:
14 Aug 2026 09:47 pm
Published on:
14 Aug 2026 09:47 pm