अहमदाबाद

Ahmedabad: क्राइम ब्रांच ने नरोडा से जब्त की 4.50 करोड़ की एमडी ड्रग्स, एमपी के 3 लोगों को पकड़ा

-शहर में करनी थी डिलीवरी, मंदसौर से ड्रग्स लेकर आए थे आरोपी, डिलीवरी करने से पहले ही पुलिस ने दबोचा, मंसदौर निवासी एक अन्य आरोपी फरार
2 min read
Ahmedabad crime branch
अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आरोपी।

Ahmedabad. शहर क्राइम ब्रांच ने नरोडा क्षेत्र के हंसपुरा चार रास्ता के पास घेराबंदी कर मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के रहने वाले तीन लोगों को पकड़ा। इनके कब्जे से 939 ग्राम अवैध मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स जब्त की गई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 4.50 करोड़ रुपए बताई गई।

गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले की सीतामऊ तहसील के दीपाखेडा गांव निवासी असलम पिंजारा (मंसूरी) (29), अमलावद गांव निवासी शेजाद मंसूरी (22) और मंदसौर के इंदिरा कॉलोनी वार्ड नंबर 40 निवासी इमरान मंसूरी (28) शामिल हैं।

क्राइम ब्रांच के उपायुक्त (डीसीपी) अजीत राज्यान के अनुसार पुलिस टीम को 11 सितंबर को सटीक सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश के तीन व्यक्ति एक कार में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने अहमदाबाद आ रहे हैं। इस सूचना पर हंसपुरा चार रास्ता पर नजर रखी गई। कार के यहां से गुजरने वक्त उसे रुकवाकर तलाशी ली गई। जांच में 939 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी घरेलू बाजार में कीमत 28 लाख वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4.50 करोड़ आंकी गई है। इसके बाद कार में सवार तीन लोगों को पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन, कार तथा अन्य सामान मिलाकर 31 लाख का माल जब्त किया है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मंदसौर के 'लाला' के कहने पर आए थे अहमदाबाद

प्राथमिक पूछताछ में तीनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एमपी के मंदसौर की इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले इमरान पठान उर्फ लाला के कहने पर इस ड्रग्स की खेप लेकर अहमदाबाद में डिलीवरी देने आए थे। यहां पहुंचने के बाद वे लाला से मोबाइल पर संपर्क कर डिलीवरी लेने आने वाले व्यक्ति को माल सौंपने वाले थे। क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में जुटी है कि यह डिलीवरी अहमदाबाद में किन-किन स्थानों पर दी जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। इससे पहले भी आरोपी यहां डिलीवरी कर चुके हैं या नहीं।

आरोपियों का 10 दिन का रिमांड मंजूर

क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों का 10 दिनों का रिमांड मंजूर किया।

रायपुर क्षेत्र से भी आरोपी गिरफ्तार

अहमदाबाद. शहर के जोन-6 डीसीपी की एलसीबी टीम और कागडापीठ पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर रायपुर क्षेत्र से 92 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक युवक को पकड़ा। इसकी कीमत घरेलू बाजार में 2.77 लाख रुपए है। आरोपी का नाम आदिलखा मेवाती (40) है जो मध्यप्रदेश के मंदसौर में इंदिरा कॉलोनी का रहने वाला है।

Updated on:
12 Sept 2026 10:25 pm
Published on:
12 Sept 2026 10:25 pm