12 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भ्रष्टाचार पर भूपेंद्र पटेल का सख्त रुख, हर्ष सांघवी बोले- देश में सबसे ज्यादा भ्रष्ट अफसरों को ‘गंगाजल’ पिलाया

Harsh Sanghavi: गांधीनगर में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की तारीफ की।
2 min read
Google source verification
Gujarat Deputy Chief Minister

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी। फोटो- आईएएनएस

Gujarat Deputy Chief Minister: गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाए कदमों की तारीफ करते हुए कहा कि वे ज्यादा बोलने के बजाय सीधे काम करने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि पटेल सरकार ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ देश में सबसे ज्यादा कार्रवाई की है। गांधीनगर में शनिवार को 1,848 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में सांघवी ने कहा कि मुख्यमंत्री पटेल ने भ्रष्ट अधिकारियों को ‘गंगाजल पिलाने’ का काम किया है।

'कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित हुई'

उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना राजनीतिक दुर्भावना के नागरिकों के हित को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास के फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि कभी गांधीनगर की पहचान मुख्य रूप से सचिवालय से होती थी, लेकिन अब शहर आधुनिक सुविधाओं, शिक्षा, उद्योग, व्यापार और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांधीनगर और आसपास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित हुई हैं। इनमें विश्वविद्यालय, हेलिपैड एग्जिबिशन ग्राउंड, गिफ्ट सिटी और महात्मा मंदिर प्रमुख हैं।

सफाई में सहयोग करने की अपील

सांघवी ने कहा कि गांधीनगर में पिछले कुछ वर्षों में शाम और रात के समय भी काफी बदलाव आया है। पहले शाम होते ही शहर की सड़कें सूनी हो जाती थीं, लेकिन अब देर रात तक यहां चहल-पहल रहती है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान लोगों को देर रात तक गरबा खेलने और मां अंबा की आराधना का अवसर देने के साथ छोटे व्यापारियों को भी कारोबार का मौका देने की कोशिश की गई है। उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने लोगों से शहर की सफाई में सहयोग करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे और डिग्रीधारी लोग भी कई बार पानी की बोतल, वेफर के पैकेट और अन्य कचरा सार्वजनिक स्थानों पर फेंक देते हैं। इससे सफाई कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।

30 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाई

उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और हर्ष सांघवी ने करीब 30 नई ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। दोनों ने एक ई-बस में आम यात्रियों की तरह सफर करते हुए मंत्रियों के आवासीय परिसर तक यात्रा की। सांघवी ने 1,848 करोड़ रुपए के विकास पैकेज के लिए गांधीनगरवासियों को बधाई देते हुए शहर के विकास में जनता की भागीदारी जारी रखने की अपील की।