अहमदाबाद

Ahmedabad: शहर में फिर महंगी हुई सीएनजी, 4.45 रुपए प्रति किलो बढ़े दाम

-दिवाली से पहले ही दाम बढ़ने से ऑटो चालकों में रोष, वृद्धि वापस लेने की मांग, सरकार से सब्सिडी जारी करने की गुहार, -ढाई महीने में दूसरी बार प्रति किलो पर चार रुपए से ज्यादा की वृद्धि
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 9:46 PM IST
cng price hike
अहमदाबाद शहर के एक सीएनजी पंप पर प्रति किलो सीएनजी के दाम 98.47 रुपए हुए।

Ahmedabad. महंगाई की मार के बीच शहर में शुक्रवार से सीएनजी की कीमत में चार रुपए 45 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई। इसके चलते शहर में अब सीएनजी की प्रति किलो कीमत 94.02 रुपए से बढ़कर 98.47 रुपए हो गई है। करीब ढाई महीने सीएनजी के भाव में वृद्धि की गई थी। एक अगस्त को चार रुपए प्रति किलो पर बढ़ाए गए थे। इससे पहले 19 जुलाई को दो रुपए प्रति किलो कीमत बढ़ाई थी। दीपावली से पहले सीएनजी की कीमत में वृद्धि होने से ऑटो चालकों में रोष है।

अहमदाबाद रिक्शा चालक एकता यूनियन, ऑटो रिक्शा चालक वेल्फेयर यूनियन सहित कई संगठनों ने सीएनजी की कीमत में इतनी वृद्धि पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है या फिर ऑटो रिक्शा चालकों के लिए सीएनजी में सब्सिडी जारी करने की सरकार से गुहार लगाई है।

त्योहार से पहले भाव वृद्धि से दिवाली बिगड़ी

अहमदाबाद रिक्शा चालक एकता यूनियन के अध्यक्ष विजय मकवाणा ने बताया कि दीपावली का त्योहार करीब है और इससे पहले ही शहर में अदाणी गैस ने सीएनजी की कीमत में 4.45 रुपए प्रति किलो कीमत बढ़ा दी है। इससे ऑटो चालकों की दिवाली बिगड़ने के दिन आ गए हैं। रोज कमा कर गुजारा चलाने वाले ऑटो चालक लगातार बढ़ती सीएनजी कीमतों से परेशान हैं। आय पहले से ही कम हो गई है और महंगाई आसमान छू रही है।

इस वर्ष अब तक 18.53 रुपए महंगी हुई

ऑटो रिक्शा चालक वेल्फेयर एसोसिएशन ने सीएनजी में की गई इस वृद्धि की निंदा की। एसोसिएशन के अध्यक्ष राज शिरके ने बताया कि 23 अक्टूबर से सीएनजी प्रति किलो 4.45 रुपए महंगी हो गई है। इसके साथ ही 2026 के अब तक के 10 महीनों में सीएनजी 18.53 रुपए महंगी हो चुकी है। इस वर्ष कुल आठ बार में 18.53 रुपए प्रति किलो सीएनजी के दाम बढे हैं। ताजा भाव वृद्धि सबसे ज्यादा है।


सात दिन में कीमत वृद्धि वापस नहीं तो चक्काजाम

मकवाणा ने कहा कि ऑटो चालकों की लंबित मांगों का निराकरण नहीं होने और शुक्रवार को हुई सीएनजी कीमत में वृद्धि के सात दिन में वापस नहीं होने पर ऑटो चालक राज्यभर में चक्काजाम करेंगे।


वडोदरा के ऑटो चालकों ने भी किया विरोध


गुजरात सारथी संघ वडोदरा शहर-जिला रिक्शा चालक यूनियन से जुड़े राजवीर उपाध्याय ने कहा कि वडोदरा में भी सीएनजी की कीमत बढ़ी है। उनका एसोसिएशन भी इस वृद्धि का कड़ा विरोध करता है। इससे ऑटो चालकों की कमर टूट रही है। सरकार को तत्काल आर्थिक मदद जारी करनी चाहिए।

Updated on:
23 Oct 2026, 9:46 PM IST
Published on: