
Ahmedabad: दीपावली की रोशनी और गुजराती नववर्ष के जश्न के बीच कहीं सड़क हादसों ने खुशियों को मातम में बदला तो कहीं आपसी विवाद मारपीट और हमलों में तब्दील हो गए। पटाखों से झुलसने की घटनाएं भी सामने आईं। त्योहारों के दौरान गुजरात में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर इसका साफ असर दिखाई दिया।108 एम्बुलेंस सेवा के आंकड़ों के अनुसार, दीपावली, नववर्ष और भाई दूज के तीन दिनों में राज्य भर में 18,513 आपातकालीन मामलो में लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। सामान्य दिनों के मुकाबले इन तीनों दिन पर आपातकालीन मामलों की संख्या में 13 से 26 फीसदी तक वृद्धि दर्ज की गई। दीपावली के दिन 5,934, नूतन वर्ष पर 6,595 और भाई दूज पर 5,984 आपातकालीन मामले दर्ज हुए। सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन 5,248 मामले सामने आते हैं।
दीपावली के इर्दगिर्द दिनों में सड़क दुर्घटनाएं सबसे अधिक चिंता का विषय रहीं। राज्य में सामान्य दिनों में प्रतिदिन औसतन 646 सड़क दुर्घटना संबंधी इमरजेंसी सामने आती हैं, उसके मुकाबले दीपावली पर 1,212, नववर्ष पर 1,541 और भाई दूज पर 1,032 मामले सामने आए। नववर्ष पर यह संख्या सामान्य दिनों से करीब 138 फीसदी अधिक रही। इनमें दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं की संख्या सबसे ज्यादा थी। अहमदाबाद में भी दीपावली पर 137, नववर्ष पर 178 और भाईदूज पर 122 सड़क हादसों से जुड़ी इमरजेंसी दर्ज की गईं। नववर्ष पर अहमदाबाद में सड़क हादसों के मामले सामान्य दिनों के 106 से बढ़कर 178 हो गए।
त्योहारों के दौरान मारपीट और शारीरिक हमलों के मामले भी बढ़े। सामान्य दिनों में औसतन 204 मामलों के मुकाबले दीपावली पर 508, नववर्ष पर 481 और भाईदूज पर 333 मामले दर्ज हुए। अहमदाबाद में इन तीन दिनों में क्रमशः 90, 122 और 84 मामले सामने आए।
पटाखों और अन्य कारणों से झुलसने की घटनाओं में भी वृद्धि दर्ज की गई। दीपावली पर राज्यभर में झुलसने के 62, नववर्ष पर 26 और भाई दूज पर 21 मामले सामने आए। इनमें अहमदाबाद में क्रमशः 13, 10 और 5 मामले दर्ज हुए। इस तरह तीन दिनों में राज्यभर में झुलसने की 109 और अहमदाबाद में 28 घटनाएं 108 सेवा के रिकॉर्ड में दर्ज की गईं।