अहमदाबाद

स्वच्छता में अहमदाबाद-साणंद की जोड़ी देश में अव्वल, वडोदरा गुजरात का सबसे स्वच्छ शहर

स्वच्छता के क्षेत्र में अहमदाबाद ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में अहमदाबाद और साणंद ने स्वच्छ शहर की जोड़ी श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 10:42 PM IST
Ahmedabad news
नई दिल्ली में आयोजित समारोह।

Ahmedabad : स्वच्छता के क्षेत्र में अहमदाबाद ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में अहमदाबाद और साणंद ने स्वच्छ शहर की जोड़ी श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ गुजरात के तीन शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर अवार्ड प्राप्त किया है। वडोदरा को राज्य का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है, जबकि सूरत ने सुपर स्वच्छता लीग में लगातार दूसरे वर्ष देश में दूसरा स्थान हासिल किया है।नई दिल्ली में गुरुवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विजेता शहरों को पुरस्कार प्रदान किए।

अहमदाबाद-साणंद की इस उपलब्धि में अहमदाबाद शहर ने मेंटर सिटी और साणंद ने मेंटी सिटी के रूप में भागीदारी की। इस श्रेणी का उद्देश्य शहरों के बीच सहयोग के जरिए कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है। अहमदाबाद ने मेंटर सिटी के रूप में साणंद सहित गुजरात के अन्य शहरों को कूड़े के पृथक्करण, ठोस कूड़ा प्रबंधन, इस्तेमाल किए गए पानी के प्रबंधन और सफाई कर्मचारियों के कल्याण जैसे विषयों पर तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग दिया।

सफाईकर्मियों के योगदान का सम्मान

इस उपलब्धि के बाद अहमदाबाद मनपा की ओर से सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया। मनपा की स्टैंडिंग कमेटी के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर हितेश बारोट ने कहा कि अहमदाबाद को स्वच्छ बनाने का संकल्प राष्ट्रीय पुरस्कार के रूप में साकार हुआ है। इस सम्मान का श्रेय सफाई कर्मचारियों, उनके अधिकारियों, निर्वाचित पदाधिकारियों और शहर के नागरिकों के साझा प्रयासों को जाता है। इस दौरान स्टैंडिंग कमेटी अध्यक्ष कमलेश पटेल, उपमहापौर अंजू शाह सहित पदाधिकारी व अधिकारी मौजूद रहे। सफाई कर्मचारियों का फूलों और मिठाई से स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने की सराहना

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद-साणंद, वडोदरा और सूरत को स्वच्छता के क्षेत्र में मिली उपलब्धियों को लेकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वच्छता गुजरात के लोगों की जीवनशैली बनी है। प्रधानमंत्री के स्वच्छता जनआंदोलन को राज्य ने प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया है।

Updated on:
13 Nov 2026, 10:42 PM IST
Published on: