
Ahmedabad. शहर में 16 जुलाई को निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने व्यापक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। 13 किलोमीटर से अधिक लंबे रथयात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं का ऐसा नेटवर्क तैयार किया है, जिसमें 440 सफाईकर्मी, 203 फायरकर्मी, 7 मोबाइल मेडिकल वैन, 15 मेडिकल अधिकारी तैनात किए गए हैं। इतना ही नहीं 560 अतिरिक्त फ्लडलाइट्स लगाई गई हैं।
साथ ही रथयात्रा मार्ग पर स्थित 633 जर्जर और खतरनाक भवनों को चिह्नित कर उन पर चेतावनी नोटिस लगाए गए हैं।मनपा के मध्य और उत्तर जोन ने रथयात्रा को लेकर बहुस्तरीय कार्ययोजना बनाई है।
इसके अलावा 92 मैनहॉल को सड़क स्तर के अनुरूप पुनर्स्थापित किया गया है। जामालपुर, खाड़िया, कालूपुर और शाहपुर क्षेत्रों में मुख्य ड्रेनेज लाइनों की अग्रिम सफाई भी कराई गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर रथयात्रा मार्ग पर स्थित 633 खतरनाक भवनों पर सार्वजनिक चेतावनी नोटिस लगाए गए हैं। रथयात्रा के दिन ऐसे प्रत्येक भवन के समीप महानगरपालिका का एक कर्मचारी पुलिसकर्मी के साथ तैनात रहेगा तथा भवनों के नीचे बैरिकेडिंग की जाएगी। उत्तर जोन में भी 135 चेतावनी नोटिस और 18 वैधानिक नोटिस जारी किए गए हैं तथा एक खतरनाक भवन को हटाया जा चुका है।
श्रद्धालुओं को त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मनपा ने 7 मोबाइल मेडिकल वैन, 15 मेडिकल अधिकारियों और लगभग 100 कर्मचारियों की तैनाती की है। जामालपुर, रायखड़, शाहपुर और कालूपुर के अर्बन हेल्थ सेंटर भी रथयात्रा के दौरान सक्रिय रहेंगे। रोशनी की व्यवस्था के लिए रथयात्रा मार्ग पर 745 विद्युत खंभों की जांच पूरी कर ली गई है। मार्ग पर 560 अतिरिक्त फ्लडलाइट्स लगाने के साथ 11 डीजल जनरेटर और तकनीकी कर्मचारियों की विशेष टीम तैनात रहेगी। 11 फायर स्टेशनों के 203 अधिकारी और कर्मचारी रथयात्रा समाप्त होने तक लगातार ड्यूटी पर रहेंगे।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मनपा ने विशेष अभियान शुरू किया है। रथयात्रा वाले दिन 440 सफाईकर्मियों और सुपरवाइजरी स्टाफ की तैनाती के साथ कचरे के त्वरित निस्तारण के लिए अनेक वाहन लगाए जाएंगे। सरसपुर क्षेत्र में 13 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों और 4 मोबाइल टॉयलेट वैन की भी व्यवस्था की गई है।