
Ahmedabad: लगातार बारिश के बाद जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए अहमदाबाद महानगरपालिका ( मनपा) के स्वास्थ्य विभाग ने शहरभर में सर्वे, पेयजल जांच और रोग नियंत्रण की कार्रवाई की है। सोमवार शाम चार बजे तक 58303 घरों का सर्वे किया गया। इस दौरान 2148 क्लोरीन टेस्ट, 284 पानी के नमूने एकत्र किए गए तथा प्रभावित क्षेत्रों में एक लाख से अधिक क्लोरीन टैबलेट वितरित की गईं। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में 9200 मरीजों का उपचार किया गया।
बारिश प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए 284 पानी के नमूने लिए गए और 2,148 स्थानों पर क्लोरीन टेस्ट किए गए, ताकि दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों पर नियंत्रण रखा जा सके। मलेरिया विभाग की 144 टीमों ने 90570 मकानों और 227,643 पानी के पात्रों की जांच की। सर्वे के दौरान 1441 मकानों और 1611 पात्रों में मच्छरों का लार्वा मिला। इसके बाद 42706 मकानों में फॉगिंग और दवा का छिड़काव किया गया, जबकि 509 स्थानों पर बीटीआइ ट्रीटमेंट किया गया।
बारिश प्रभावित इलाकों में 29237 भोजन और 8,100 नाश्ते के पैकेट वितरित किए गए। गोता, घाटलोडिया, थलतेज, बोडकदेव, बोपल, जोधपुर, मक्तमपुरा, वेजलपुर, सरखेज, निकोल, विराटनगर, गोमतीपुर, रखियाल, असारवा, शाहपुर, दाणीलिमड़ा और नरोडा सहित विभिन्न क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई गई।
गुजरात में मानसून सप्ताह भर तक सक्रिय रहने का अनुमान है। सोमवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक राज्य की 141 तहसीलों में बारिश दर्ज की गई। दाहोद जिले की लीमखेड़ा में सबसे अधिक 2.01 इंच वर्षा हुई। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है।राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सोमवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक लीमखेड़ा के अलावा खेड़ा जिली की महेमदाबाद और बनासकांठा की अमीरगढ़, पालनपुर, अहमदाबाद की दस्क्रोई तहसीलों में डेढ़- डेढ़ इंच बारिश हुई। खेड़ा जिले की कठलाल और ठासरा, अहमदाबाद जिले की धोलेरा, धंधुका, वलसाड की नानापोंढ़ा और सुरेंद्रनगर केकी चूड़ा तहसीलों में भी एक-एक इंच से अधिक बारिश हुई।