अहमदाबाद

आइसक्रीम के नाम पर फ्रोजन डेजर्ट, घी के नाम पर वनस्पति फैट की बिक्री

बाजार में खाद्य पदार्थों के नाम पर ग्राहकों को गुमराह कर दूसरे उत्पाद बेचने का मामला सामने आया है। कहीं आइसक्रीम के नाम पर वनस्पति वसा से बना फ्रोजन डेजर्ट बेचा जा रहा है तो कहीं चीज और घी के नाम पर वनस्पति वसा आधारित उत्पाद ग्राहकों को परोसे जा रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 10:31 PM IST
AMC News
फाइल फोटो।

Ahmedabad. अहमदाबाद महानगरपालिका के खाद्य सुरक्षा विभाग ने ऐसे मामलों को लेकर खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उत्पाद की वास्तविक पहचान छिपाकर उसे दूसरे नाम से बेचना खाद्य सुरक्षा नियमों के दायरे में कार्रवाई का विषय है।मनपा के खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक से 16 नवंबर तक विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 479 खाद्य व्यावसायिक इकाइयों की जांच की गई। विभाग ने 141 नमूने लिए और नियमों के उल्लंघन पर 148 नोटिस जारी किए। जांच के दौरान 2832 किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए, जबकि 4.34 लाख रुपए प्रशासनिक शुल्क के रूप में वसूले गए।

एक नाम से खरीद, दूसरे नाम से बिक्री

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, कुछ कारोबारी उत्पादक या सप्लायर से खाद्य पदार्थ एक नाम से खरीदते हैं, लेकिन मेन्यू, डिस्प्ले बोर्ड, ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म और बिक्री बिल में उसका दूसरा नाम लिखकर बेचते हैं। उदाहरण के तौर पर, उत्पाद के मूल पैकेट पर यदि 'वेनिला फ्रोजन डेजर्ट' लिखा है तो उसे मेन्यू में 'वेनिला आइसक्रीम' बताकर बेचना ग्राहकों को गुमराह करना है। इसी तरह वनस्पति वसा से बने उत्पाद को चीज या बटर और वनस्पति फैट को शुद्ध घी के नाम पर बेचने को लेकर भी विभाग ने चेतावनी दी है।

चार नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे

मनपा की जांच में चार खाद्य नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें आंबावाड़ी स्थित विवेक चाइना टाउन के लो-फैट पनीर और माणेकचौक स्थित पटेल चतुरभाई शिवराम के मीठे मावे को सब स्टैंडर्ड घोषित किया गया। वहीं, वटवा के शिव शक्ति चवाणा एंड स्वीट मार्ट के मिक्स चवाणु का नमूना भी सब स्टैंडर्ड मिला। कालूपुर स्थित एच.एम. वरखवाला के सिल्वर लीव्स के नमूने को असुरक्षित खाद्य पदार्थ (अनसेफ फूड) घोषित किया गया।

मिलावट को लेकर उपभोक्ताओं को किया सतर्क

खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों में संभावित मिलावट को लेकर भी सतर्क किया है। विभाग के अनुसार, शुद्ध घी में वनस्पति तेल या वनस्पति घी, शहद में चीनी की चाशनी, केसर में रंगे हुए वनस्पति रेशे, चांदी के वर्क में एल्युमिनियम की परत और काली मिर्च में सूखे पपीते के बीज मिलाए जाने की आशंका रहती है। ऐसे में ग्राहकों को खाद्य पदार्थ खरीदते समय उसकी पैकेजिंग, लेबल और वास्तविक पहचान की जांच करनी चाहिए।

Updated on:
17 Nov 2026, 10:31 PM IST
Published on: