-साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने राजस्थान के बीकानेर से पकड़ा, दो अन्य आरोपी फरार, शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने बीकानेर जाकर की कार्रवाई
Ahmedabad. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लवगुरू, रिलेशनशिप गुरू, किन्नर गुरू सहित कई अन्य नामों से फर्जी आईडी बनाकर संपर्क करने वाले लोगों को ठगने और ब्लैकमेल करने वाले शातिर आरोपी को अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी का नाम रजनीश भार्गव है। यह राजस्थान के बीकानेर शहर के भार्गव मोहल्ले का रहने वाला है। आरोपी बीए तक पढ़ा है। इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनका नाम विकास भार्गव और रवि भार्गव है। यह दोनों भी बीकानेर के ही रहने वाले हैं।
साइबर क्राइम ब्रांच ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ज्योति, किन्नर गुरू के नाम से अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम और फेसबुक आइडी बनाई हुई हैं। इनके जरिए यह लोगों को राय देने और तांत्रिक विधि करके समस्या से छुटकारा दिलाने का झांसा देते थे। पीडि़त को भी आरोपियों ने वॉट्सएप व मोबाइल नंबर से संपर्क किया और फिर उनके फोटो एडिट करके पोस्टर बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी।
उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित करके वीडियो कॉल से पूजा विधि के नाम पर कॉल में उन्हें कपड़े बिना की अवस्था में किया और फिर उसकी स्क्रीन रेकॉर्डिंग कर ली। उसके बाद ऐसी अवस्था के फोटो और वीडियो को वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। अलग-अलग अकाउंट में पैसे जमा करा लिए। पीडि़त के पास से आरोपियों ने इस प्रकार से ब्लैकमेल करके 1.43 लाख रुपए ऑनलाइन ठग लिए। इस मामले में शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी एस्ट्रोलॉजर पूजा किन्नर मां नाम के इंस्टाग्राम आईडी धारक की जांच की, तकनीकी जानकारी के आधार पर टीम ने बीकानेर में आरोपियों को चिन्हित कर वहां एक टीम भेजकर एक आरोपी को पकड़़ लिया। अन्य दो आरोपी फरार हैं।