अहमदाबाद

Ahmedabad: रथयात्रा से पहले पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’, 24 घंटे में 190 आरोपी पकड़े

-जोन-7 उपायुक्त के अधीन आठ थानों की पुलिस ने की कार्रवाई, 22 साल से वांछित आरोपी भी पकड़ाया, शहर में 16 जुलाई को निकलने वाली है भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा, शहर में धार्मिक सौहार्द, एकता बढ़ाने पर दिया जा रहा है जोर
2 min read
Ahmedabad crime branch
अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच ने रथयात्रा को देखते हुए 200 हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की।

Ahmedabad. शहर में 16 जुलाई को निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा के लिए पुलिस की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसके मद्देनजर जोन-7 के उपायुक्त (डीसीपी) शिवम वर्मा ने उनके अधीन आठ थाना क्षेत्रों में रविवार सुबह आठ बजे से सोमवार सुबह आठ बजे के दौरान ऑपरेशन क्लीन स्वीप अभियान के तहत 8 थाना क्षेत्रों और जोन-7 की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) टीम ने महज 24 घंटे में 190 आरोपियों को पकड़ा।

इस अभियान में 8 पीआइ, 37 पीएसआइ, 261 पुलिस कर्मचारी सहित 341 पुलिस कर्मचारी जुटे थे। इनकी 43 टीम बनाकर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान वांछित आरोपी, वारंटी, तड़ीपार, शराबबंदी कानून के आरोपी तथा ड्रंक एंड ड्राइव के मामले दर्ज किए गए। इसमें बीते पांच साल से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की गई। आरोपियों को अहमदाबाद शहर, ग्रामीण, राजकोट, कच्छ, जूनागढ़, महेसाणा, गांधीनगर, बनासकांठा जिला एवं पड़ोसी प्रदेश महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश से पकड़ा गया।

डुप्लीकेट नोट मामले में फरार आरोपी 21 साल बाद गिरफ्तार

इस अभियान के तहत सेटेलाइट पुलिस ने बीते 21 सालों से डुप्लीकेट नोट मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई। वेजलपुर थाने में दर्ज चोरी के मामले में 20 साल से वांछित आरोपी को भी पकड़ा गया। विश्वासघात, जुआ, प्रोहिबिशन, सेंधमार चोरी, महिला अत्याचार, मंदिर चोरी, जाली दस्तावेज के मामले में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के तहत कुल 83 फरार आरोपियों को पकड़ा गया। पांच तडीपार, 54 वारंटी आरोपी पकड़े गए। ड्रंक एंड ड्राइव के तहत 11 व शराबबंदी एक्ट के तहत 28 को गिरफ्तार किया गया।

धार्मिक सौहार्द को लगाया रक्तदान शिविर, 307 यूनिट रक्त एकत्र

रथयात्रा के दौरान धार्मिक सौहार्द का माहौल बनाने को जोन-2 उपायुक्त भरत राठौड़ की ओर से शाहपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित रायफल क्लब एवं माधवपुरा थाना क्षेत्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें हिंदू, मुस्लिम समुदाय के लोगों और पुलिस कर्मियों सहित 247 लोगों ने रक्तदान किया। माधवपुरा थाना क्षेत्र में लगाए गए शिविर में भाजयुमो से जुड़े युवाओं सहित 60 लोगों ने रक्तदान किया। ऐसे में कुल 307 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। जोन-1 के संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) नीरज बड़गूजर भी उपस्थित रहे।

जोन-3 क्षेत्र में एकता क्रिकेट कप, महंत- सीपी ने किया शुभारंभ

अहमदाबाद. जोन-3 उपायुक्त की ओर से इस साल भी नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट एकता क्रिकेट कप का आयोजन किया गया। यह पांचवां साल है, जब रथयात्रा से पहले भाईचारा एवं एकता की भावना को बढ़ाने के लिए इसका आयोजन किया जाता है। जगन्नाथ मंदिर के महंत दिलीपदास महाराज और शहर के नए पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बल्ले व गेंद पर हाथ आजमाते हुए इसका शुभारंभ किया।

दरियापुर में खेलकूद स्पर्धा का आयोजन, सिखाए आत्मरक्षा के गुर

अहमदाबाद. दरियापुर पुलिस ने रथयात्रा को देखते हुए बच्चों के लिए खेलकूद स्पर्धाओं का आयोजन किया। इसके अलावा बच्चियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए भी एक सत्र आयोजित किया गया।

Updated on:
06 Jul 2026 10:02 pm
Published on:
06 Jul 2026 10:02 pm