
अहमदाबाद में सोमवार को हुई बारिश के दौरान सड़क से गुजरते वाहन।
Ahmedabad: शहर में मानसून अब पूरी तरह मेहरबान दिखाई दे रहा है। रविवार शाम से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार सुबह तक शहर में औसतन 2.67 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि सोमवार शाम को भी शहर के पश्चिम, दक्षिण, उत्तर-पश्चिम, एसजी हाईवे, सरखेज, बोपल, सैटेलाइट, नवरंगपुरा, साबरमती, चांदखेड़ा, मणिनगर और पूर्वी क्षेत्रों सहित अनेक हिस्सों में तेज बारिश हुई। शाम की बारिश से कई सड़कों पर फिर पानी भर गया और दिनभर बनी उमस से लोगों को राहत मिली।
अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) के अनुसार, रविवार शाम छह बजे से रात दस बजे के बीच महज चार घंटे में दक्षिण-पश्चिम जोन के सरखेज क्षेत्र में 4.07 इंच बारिश दर्ज की गई, जो इस दौर की सर्वाधिक वर्षा रही। बोपल में आधा इंच बारिश दर्ज की गई। अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सोमवार सुबह 10 बजे से शाम चार बजे के बीच दक्षिण-पश्चिम जोन में एक इंच से अधिक दर्ज किए गए हैं। शाम बाद एक बार फिर सक्रिय हुए मेघों ने शहर के अधिकांश इलाकों को भिगो दिया। कई स्थानों पर कुछ देर के लिए यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई, हालांकि कहीं भी लंबे समय तक जाम की स्थिति नहीं बनी।
बारह पेड़ गिरे, सात जगहों पर जल भराव की शिकायतबारिश के दौरान 12 स्थानों पर पेड़ गिरने, 7 जगह जलभराव, 2 स्थानों पर सड़क धंसने, 2 स्थानों पर बिजली संबंधी ब्रेकडाउन तथा 3 स्थानों पर खतरनाक ढांचों की शिकायतें मिलीं। मनपा की टीमों ने अधिकांश स्थानों पर तत्काल कार्रवाई कर स्थिति सामान्य कर दी। राहत की बात यह रही कि शहर के सभी प्रमुख मार्ग, फ्लाईओवर और अंडरपास यातायात के लिए खुले रहे।
सोमवार सुबह वासणा बैराज का जलस्तर 132 फीट दर्ज किया गया। नहर में 100 क्यूसेक पानी की आवक रही, जबकि बैराज के सभी गेट बंद रखे गए। मौसम विभाग ने आगामी एक-दो दिनों तक अहमदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
अहमदाबाद. गुजरात में सोमवार को भी मानसून सक्रिय रहा। राज्य में सबसे अधिक 6.06 इंच बारिश सूरत जिले की कामरेज तहसील में दर्ज की गई। सूरत शहर में 4.80 इंच वर्षा हुई। वलसाड जिले की पारडी में 4.53 इंच तथा वापी में 4.37 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
आगामी दिनों में भी दक्षिण गुजरात व अन्य भागों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा पाटण जिले की राधनपुर में 4.21 इंच, महिसागर की खानपुर में 3.86 इंच, तापी जिले की डोलवण तहसील में 3.50 इंच, वडोदरा की डभोई में 3.23 इंच, नवसारी की खेरगाम तथा नर्मदा जिले की सागबारा तहसील में 3.11 इंच बारिश हुई। वलसाड, नवसारी, भरूच, डांग, अमरेली और सूरत जिले की कई अन्य तहसीलों में भी 1.50 से 3 इंच के बीच वर्षा दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश से दक्षिण गुजरात के अधिकांश नदी-नालों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
Updated on:
06 Jul 2026 10:24 pm
Published on:
06 Jul 2026 10:24 pm
