अहमदाबाद

Ahmedabad: गोमतीपुर में युवक की हत्या, दो आरोपियों को पकड़ा

-रविवार देर रात घटी घटना, एक आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, चारतोड़ा कब्रिस्तान के पास रविवार देर रात युवक पर चाकू, तलवार से किया था हमला, जख्मी युवक ने शारदाबेन अस्पताल में तोड़ा दम
2 min read
Shardaben hospital
जख्मी युवक को शारदाबेन अस्पताल में भर्ती कराने के चलते हॉस्पिटल पहुंचे युवक के परिजन एवं लोग।

Ahmedabad. शहर के गोमतीपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक मेडिकल स्टोर के पास चाकू एवं तलवार से हमले में एक युवक की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है, अन्य एक आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार रात 9.30 बजे इंडियन मेडिकल स्टोर के सामने हुई। पुजारी की चाली में रहने वाले मजहर अली अंसारी (30) पर किसी मुद्दे को लेकर कहासुनी होने के चलते रखियाल के मोहसिन शेख व आसिफ शेख और सरसपुर के सोहेल अंसारी ने तीक्ष्ण हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में जख्मी मजहर अली को उपचार के लिए शारदाबेन हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। इस संबंध में मृतक के भाई अख्तरअली अंसारी (25) ने सोमवार सुबह तीन लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया।

वाहन पार्क करने को लेकर हुआ था विवाद

एफआइआर के मुताबिक मेडिकल स्टोर के संचालक मोहसिन एवं आसिफ शेख के साथ चार तोड़ा कब्रिस्तान के पास रहने वाले फरदीन एवं आसिफ नाम के व्यक्ति के साथ वाहन पार्क करने को लेकर कहासुनी एवं विवाद हुआ था। इस दौरान मोहसिन ने फरदीन को तमाचा मार दिया। उस समय फरदीन एवं आसिफ वहां से चले गए। कुछ देर बाद दोनों मजहरअली के साथ फिर स्टोर पर पहुंचे। वहां स्टोर पर मौजूद मोहसिन, आसिफ एवं सोहेल के साथ कहासुनी हुई। इस दौरान इन तीनों ने मजहरअली पर चाकू और तलवार से वार कर दिया, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। घटना के बाद तीनों वहां से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए आसिफ शेख एवं सोहेल अंसारी को हिरासत में ले लिया है। मोहसिन शेख की तलाश जारी है।

चार पिस्तौल जब्त, तीन आरोपियों को पकड़ा

अहमदाबाद. शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने चार पिस्तौल, दो कारतूस और एक मैग्जीन के साथ तीन लोगों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में उत्तरप्रदेश के आगरा जिले की बाह तहसील के इन्द्रायणी गांव निवासी रोहित जादौन (20), बाह तहसील के भदरोली गांव निवासी भोला तोमर (21) और शिवम शर्मा (22) शामिल हैं। इन्हें सारंगपुर में नए बन रहे ब्रिज के पास से पकड़ा है। इनके पास से चार से बरामद पिस्तौल, कारतूसों की कीमत 1.80 लाख रुपए है। प्राथमिक जांच में आरोपियों ने कबूला है कि वे उत्तरप्रदेश से इन हथियारों को अहमदाबाद में बेचने के इरादे से लेकर आए थे। रोहित का आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके विरुद्ध उत्तरप्रदेश के बाह, बसौनी, थानों में चार मामले दर्ज हैं।

Updated on:
06 Jul 2026 10:16 pm
Published on:
06 Jul 2026 10:16 pm