
अहमदाबाद. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि कोरोना महामारी के समय पूरे विश्व में जब विकसित देश भी मंदी का सामना कर रहे थे तब भी गुजरात में विकास कार्य की यात्रा थमी नहीं। तेज गति से आगे बढ़ रही थी। भारत 5 ट्रिलियन डॉलर इकोनोमी की दिशा में उत्पादन हब बनने की ओर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने यह बात शनिवार को अहमदाबाद के लोगों को 307 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की भेंट देते समय कही। अहमदाबाद महानगर पालिका की के 157 करोड़ के विकास कार्यों का उन्होने लोकार्पण किया और 150 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।
शाह ने चांदलोडिया वार्ड में गजराज वॉटर डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर, थलतेज में विश्रामनगर वॉटर डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर, सिंधुभवन में पार्टी प्लॉट, कम्युनिटी हॉल, शीलज तालाब में आरोग्य वन तथा विसत की ओर जाने वाले मार्ग पर पानी की पाइप लाइन डालने के कार्य का शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर महापौर किरीट परमार, उद्योग राज्यमंत्री जगदीश विश्वकर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री प्रदीपभाई परमार, स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल, सांसद हसमुख पटेल, नरहरी अमीन, मनपा आयुक्त लोचन सहेरा सहित कई पूर्व मंत्री, मनपा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
826 ईडब्ल्यूएस आवास का लोकार्पण
गृहमंत्री शाह ने नारणपुरा इलाके में बने नए वॉटर डिस्ट्रिब्यूशन सेंटर का लोकार्पण किया, जिसके चलते नारणपुरा और घाटलोडिया इलाके के 60हजार से अधिक लोगों को पीने का शुद्ध व पर्याप्त पानी मिलेगा। शाह ने घाटलोडिया, थलतेज, गोता, सोला तथा हेबतपुर में बनाए गए 826 ईडब्ल्यूएस आवास का भी लोकार्पण किया। उन्होंने बोपल इकोलॉजी पार्क, कोतरपुर वॉटर वक्र्स स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी लोकार्पण किया।
गुजरात मॉडल के मूल में मोदी- शाह की मेहनत
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि गुजरात के विकास के मॉडल के मूल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की मेहनत है। मुख्यमंत्री ने सरकार की नमो वड वन योजना सहित कई योजनाओं की भी जानकारी दी।