अहमदाबाद

३३ और निजी स्कूलों की प्रोविजनल फीस तय

शिक्षामंत्री बोले : निजी स्कूलों से मांगी गई फीस में से सात सौ से ४६ हजार तक है कम
2 min read
• •
Updated: 20 Apr 2018, 11:25 PM IST
FRC Ahmedabad

अहमदाबाद. अहमदाबाद जोन की फीस नियमन समिति की ओर से ३३ और निजी स्कूलों की प्रोविजनल फीस तय कर दी गई है।
शिक्षामंत्री भूपेन्द्र सिंह चुड़ास्मा ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि निजी स्कूलों की ओर से मांगी गई फीस में से सात सौ से लेकर ४६ हजार छह सौ रुपए कम प्रोविजनल फीस तय की गई है। इनमें अहमदाबाद शहर, ग्राम्य, महेसाणा, पाटण, अरवल्ली व गांधीनगर की निजी स्कूल शामिल हैं। इसके तहत अब तक कुल १८६ निजी स्कूलों की प्रोविजनल फीस तय कर दी गई है। इस फीस से यदि स्कूल प्रबंधन को असंतोष हो तो वह एक सप्ताह में जोनल फीस समिति के समक्ष आवेदन कर सकती है।
अहमदाबाद शहर की पांच स्कूल की ओर से मांगी गई फीस की तुलना में जोनल फीस समिति की ओर से ३,४६० रुपए से ४४५०० रुपए कम फीस तय की गई है। जबकि अहमदाबाद ग्राम्य की आठ निजी स्कूलों की फीस मांगी गई फीस की तुलना में १८५० रुपए से ४० हजार रुपए कम तय की गई है।
महेसाणा जिले की दो निजी स्कूलों की फीस मांगी गई फीस से ५६०० रुपए से लेकर ४६४०० रुपए तक कम तय की गई है।
पाटण जिले की एक स्कूल में 11 सौ की कमी की है। जबकि अरवल्ली जिले की पांच स्कूलों में एक हजार रुपए से २६ हजार रुपए तक की मांगी गई फीस से कम प्रोविजनल फीस तय की है। गांधीनगर जिले की 12 निजी स्कूलों की प्रोविजनल फीस मांगी गई फीस की तुलना में ३४०५ रुपए से लेकर ३६५०० रुपए तक कम तय की गई है।
शिक्षामंत्री भूपेन्द्र सिंह चुड़ास्मा ने कहा कि यह निजी स्कूलों की सालाना प्रोविजनल फीस है। यह सुप्रीमकोर्ट में रखी जाएगी। सुप्रीमकोर्ट के निर्देश के आधार पर आगे का निर्णय होगा।
इससे पहले हाल ही में सूरत जोन की फीस नियमन समिति ने ५७ निजी स्कूलों की और वडोदरा जोन की फीस नियमन समिति ने १८ निजी स्कूलों की प्रोविजनल फीस तय की जा चुकी है।

Published on: