
पालनपुर. बनासकांठा जिले के 39 लोगों से ब्याजखोरी के आरोप में वडगांव पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वडगांव तहसील के घोडिय़ाल गांव में ज्वेलरी की दुकान के संचालक परेश सोनी व पत्नी के भाई दिलीप सोनी ने जरूरतमंद लोगों से कोरे चेक व कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवाकर 10 फीसदी ब्याज दर पर रुपए उधार दिए। उधार दिए रुपए के एवज में अनेक गुना ब्याज वसूलने के बाद भी राशि बकाया बताई। रुपए उधार लेने वालों की जानकारी के बिना ही दोनों ने बैंक में चेक जमा करवाए और चेक अनादरित होने पर मामले दर्ज करवाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ वडगांव थाने मेें 10 मामले दर्ज होने पर उप निरीक्षक एल जी देसाई, हैड कांस्टेबल याज्ञिक व स्टाफ ने दोनों आरोपियों को पकड़ा। घोडिय़ाल गांव स्थित दुकान, पालनपुर में परेश के मकान व दांता तहसील के नारगढ़ में दिलीप सोनी के घर पर छापा मारकर नकदी व दस्तावेज जब्त किए। इनमें 2.13 लाख रुपए नकद, 48 प्रोमेसरी नोट, 100 कोरे चेक, 11 नोटरी दस्तावेज, हस्ताक्षर किए 10 कोरे कागज, लेटरपेड, सीसीटीवी की डीवीआर, 2 मोबाइल फोन जब्त किए। इनकी जांच के दौरान पता लगा कि 2-3 साल से दोनों आरोपी ब्याजखोरी का कारोबार कर रहे थे।
आणंद : अधिक ब्याज वसूलकर धमकी देने का मामला दर्ज
आणंद. जिले की बोरसद तहसील के सिस्वा गांव में उच्च ब्याज पर रुपए उधार देकर अधिक ब्याज वसूलकर धमकी देने वाले ब्याजखोर के खिलाफ भादरण थाने में मामला दर्ज किया गया है।
सिस्वा गांव में रामजी मंदिर के सामने रहने वाले व आटा चक्की के संचालक बुजुर्ग सुरेश पंचाल ने 14 मार्च 2018 को विनु पटेल और अल्पेश पटेल से 10 फीसदी ब्याज पर 14,000 रुपए उधार लिए। उनसे दिसंबर 2022 तक 57 महीनों में कुल 79 हजार रुपए जबरन वसूले गए। इसके बावजूद पूंजी और ब्याज की मांग करते हुए सुरेश पंचाल को आरोपी ने फोन किया और जान से मारने की धमकी दी। सुरेश ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गुजरात मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की धाराओं के तहत भादरण थाने में मामला दर्ज करवाया है।
कच्छ : दो मामलों में ब्याजखोर आरोपी गिरफ्तार
गांधीधाम. कच्छ जिले के गांधीधाम ए डिविजन थाने की टीम ने गांधीधाम के दो ब्याजखोरों को गिरफ्तार किया है।
भुज तहसील के माधापर के टेंट व्यवसायी रमेश भानुशाली ने गांधीधाम के भारत नगर निवासी महेंद्र भानुशाली के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। शिकायत के अनुसार ब्याज की राशि चुकाने के नाम पर एक निजी बैंक के 3 चेक लेकर वापस लौटाने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद बैंक में चेक जमा कराने पर अनादरित होने के बाद कोर्ट केस कर 8 लाख रुपए की धोखाधड़ी की।
इसी प्रकार गांधीधाम में भारत नगर निवासी अनाज की दुकान के संचालक अक्षय भानुशाली ने भी आरोपी महेंद्र भानुशाली के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। शिकायत के अनुसार बीमा प्रीमियम के भुगतान के लिए हस्ताक्षर करवाकर चेक लेकर 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने व चेक अनादरित करवाकर मानसिक प्रताडऩा देने का मामला दर्ज करवाया। दोनों शिकायतकर्ता के मामले दर्जकर थाने की टीम ने ब्याजखोर आरोपी महेंद्र भानुशाली को गिरफ्तार किया है।