
जामनगर. भावनगर जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने म्यूल बैंक खाते के जरिए 1.41 करोड़ रुपए की साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के मामले में भावनगर शहर के कुंभारवाड़ा की वणकर सोसाइटी निवासी सुनील कारेलिया के खिलाफ शिकायत दर्ज की।
जानकारी के अनुसार, भावनगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में कार्यरत महिला पुलिस कांस्टेबल कविताबेन पंड्या को समन्वय पोर्टल के माध्यम से जिले में साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों की जानकारी मिली थी। इस दौरान एक निजी बैंक के खाते में बड़ी मात्रा में रकम के लेन-देन का पता चला।
बैंक स्टेटमेंट की जांच करने पर खाते में साइबर ठगी से जुड़ी रकम जमा होने के संकेत मिले। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि बैंक खाते के संबंध में देश के अलग-अलग राज्यों से म्यूल बैंक खाते के खिलाफ मिलीं 12 शिकायतें दर्ज थीं। इन शिकायतों में ठगी की रकम की पहली बार में लगभग 46.25 लाख रुपए का उल्लेख किया गया था। इसके अतिरिक्त खाते में 95.16 लाख रुपए से अधिक की अन्य रकम भी जमा हुई थी।
बैंक खाते के विवरण के मुताबिक, 10 से 13 नवंबर 2025 के दौरान खाते में कुल 1.41 करोड़ रुपए से अधिक जमा किए गए थे। इसी अवधि में यूपीआइ के माध्यम से 1.41 करोड़ रुपए निकाल लिए गए। इतनी बड़ी रकम का महज चार दिनों में जमा होना और फिर लगभग पूरी राशि का बाहर निकल जाना जांच का अहम पहलू बना है।
आरोप है कि कारेलिया ने अपने बैंक खाते में साइबर ठगी से प्राप्त रकम जमा करवाई और विभिन्न वित्तीय लेन-देन के माध्यम से उसे अन्यत्र स्थानांतरित किया। इन आरोपों के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।