अहमदाबाद

वैश्विक अशांति के बीच सम्राट संप्रति संग्रहालय का संदेश पूरी मानवता के लिए अहम: मोदी

-गांधीनगर के कोबा जैन तीर्थ में सम्राट संप्रति संग्रहालय का लोकार्पण, करीब तीन लाख पांडुलिपियां

2 min read
गांधीनगर के कोबा जैन तीर्थ में सम्राट संप्रति संग्रहालय के उद्घाटन के दौरान राष्ट्रसंत जैनाचार्य पद्मसागर सूरीश्वर के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।

Ahmedabad. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को गांधीनगर के कोबा में स्थित श्री जैन महावीर आराधना केंद्र में भगवान महावीर जन्म कल्याणक के दिन ‘सम्राट संप्रति संग्रहालय’ का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि कोबा में तीन लाख से अधिक प्राचीन पांडुलिपियां सुरक्षित हैं, जो भारत की अमूल्य धरोहर हैं। यह भारतीय विरासत के गौरव तथा जैन संस्कृति को समेटे है।

राष्ट्रसंत जैनाचार्य पद्मसागर सूरीश्वर, राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी और जैन समाज के लोगों की उपस्थिति में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में जिस तरह के हालात हैं, जिस तरह विश्व अस्थिरता और अशांति की आग में झुलस रहा है। इस म्यूज़ियम की विरासत, इसका संदेश, केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए बहुत अहम है।

उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जैन दर्शन, भारतीय संस्कृति तथा हमारी प्राचीन विरासत का पवित्र केंद्र है। कोबा जैन तीर्थ में मूल्यों के जतन, संस्कारों के संवर्धन तथा ज्ञान के पोषण की त्रिवेणी संगम का सृजन होता है, जो भारतीय सभ्यता की नींव है। इस त्रिवेणी को अविरत प्रवाहित रखना हम सबका सामूहिक दायित्व है। मोदी ने कहा कि सम्राट संप्रति न केवल ऐतिहासिक राजा थे, बल्कि भारत के दर्शन तथा अभ्यास को जोड़ने वाले सेतु थे।

दिल्ली में ‘युगे युगीन भारत’ म्यूजियम बनाने की तैयारी

प्रधानमंत्री घोषणा की कि दिल्ली में ‘युगे युगीन भारत’ म्यूजियम बनाने की भी तैयारी है। अहमदाबाद के लोथल में बन रहे दुनिया का सबसे बड़ा मेरीटाइम म्यूजियम बन रहा है। वडनगर में बने म्यूजियम का भी उन्होंने उल्लेख किया। मोदी ने पांडुलिपियों के ज्ञान से संवर्धन को छेड़े अभियान का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर उन्होंने जय जिनेन्द्र से सभा को संबोधित किया और सभा का समापन भी जय जिनेन्द्र से किया।

23 से जनता के लिए खुलेगा संग्रहालय

यह संग्रहालय 23 अप्रेल से जनता के लिए खुलेगा। शुरूआत में समय सुबह नौ से दोपहर एक बजे का रहेगा।

महावीर के संदेश ही विश्व को शांति की राह दिखा सकते:सीएम

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि महावीर के संदेश ही विश्व को शांति की राह दिखा सकते हैं। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि यह संग्रहालय जैन शासन की आन, बान और शान का प्रतीक है। पद्मसागर सूरीश्वर ने पीएम मोदी के कार्यों को सराहते हुए उन्हें लोगों के दिल में राज करने वाला नेता बताया। श्री जैन महावीर आराधना केन्द्र के अध्यक्ष सुधीर मेहता ने कहा कि संग्रहालय में शिल्प, चित्रकला, लिपि विज्ञान का दुर्लभ संग्रह है।

Published on:
31 Mar 2026 10:08 pm
Also Read
View All

अगली खबर