
ठगी के मामले में गिरफ्तार आरोपी।
हिम्मतनगर. सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से देशभर के नागरिकों के साथ साइबर ठगी करने वाले साइबर सिंडिकेट के खिलाफ साबरकांठा साइबर क्राइम टीम ने ‘ऑपरेशन म्यूल हंट’ के तहत कार्रवाई की। टीम ने साइबर फ्रॉड की रकम को इधर-उधर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान राजस्थान के डूंगरपुर जिले के आसपुर निवासी विष्णु डबगर के रूप में हुई।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के पीआइ एच.पी. झाला के अनुसार, विष्णु डबगर आर्थिक लाभ के लिए अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाता था। इसके बाद मूल खाताधारकों से बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड हासिल कर उन्हें साइबर सिंडिकेट के सदस्यों को उपलब्ध कराता था।
जांच में सामने आया कि साइबर सिंडिकेट ने विभिन्न राज्यों के नागरिकों के साथ सोशल मीडिया के जरिए करीब 5.04 करोड़ रुपए की साइबर ठगी की थी। नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर इस रैकेट से जुड़ी 73 शिकायतें सामने आई हैं। ठगी की रकम में से करीब 31.99 लाख रुपए ऐसे बैंक खातों में जमा हुए थे, जिन्हें विष्णु डबगर ने उपलब्ध कराया था।
30 जून को साबरकांठा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के आधार पर टीम ने तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। तकनीकी जांच के आधार पर राजस्थान में दबिश देकर टीम ने विष्णु डबगर को गिरफ्तार कर लिया। टीम पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अन्य बैंकों की 12 किट भी बरामद की। मामले में साइबर सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंक खातों की भूमिका की जांच जारी है।
हिम्मतनगर. साबरकांठा जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक तेज एवं प्रभावी बनाने के लिए 11 नए 112 जनरक्षक वाहनों को सेवा में शामिल किया गया।
हिम्मतनगर पुलिस मुख्यालय स्थित एसपी कार्यालय से जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. पार्थराजसिंह गोहिल ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया।
ये वाहन बी डिवीजन पुलिस स्टेशन, टावर चौक, ए डिवीजन पुलिस स्टेशन, महावीरनगर चार रास्ता, छापरिया चार रास्ता, मोतीपुरा और बस स्टेशन रोड होते हुए वापस पुलिस मुख्यालय पहुंचे।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. पार्थराजसिंह गोहिल ने नागरिकों से किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में 112 नंबर का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
Updated on:
26 Aug 2026 10:47 pm
Published on:
26 Aug 2026 10:47 pm
