
Ahmedabad. असामाजिक तत्वों को शहर पुलिस का कोई डर ही ना हो ऐसी एक घटना शहर में सामने आई है। सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दो असामाजिक तत्व एक पुलिस वाहन को रोककर उसमें सवार पुलिस कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करते हुए नजर पड़ रहे हैं। कुछ देर बाद पुलिस वाहन वहां से रवाना हो जाता है। इस वीडियो के वायरल होने पर शहर पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है। इसको लेकर नरोडा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार करने वाले दो में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अभी भी फरार है। नरोडा थाने में दर्ज प्राथमिकी के तहत यह घटना 9 जून की मध्यरात्रि बाद की है।
एसआरपीएफ ग्रुप नंबर पांच गोधरा के पीएसआइ वी.एस.वळवाई 9 जून की मध्यरात्रि बाद शहर में तैनात एसआरपीएफ के जवानों की नाइट ड्यूटी पर उपस्थिति का जायजा लेने (पोइंट चेक करने) साथियों के साथ निकले थे। नरोडा पाटिया पहुंचने पर वे चाय पीने के लिए वहां रुके। चाय पीकर वे आगे अन्य पोइंट चेक करने के लिए वाहन से आगे बढ़े इसी समय दो लोग उनके सरकारी पुलिस वाहन के आगे आ गए। एक के दोनों हाथों में पत्थर था। उसने पत्थर से पुलिस वाहन का शीशा तोड़ने की कोशिश की। इस पर ड्राइवर की पास वाली सीट पर बैठे उनके राइटर व कांस्टेबल शैलेष कुमार ने उसे ऐसा करने से पर टोका और वाहन से दूर हटने के लिए कहा। इस पर दो में से एक आरोपी ने शैलेष कुमार के पास आकर उनका कॉलर पकड़ लिया। दोनों ने पास आकर अपशब्द कहने शुरू किए। हाथापाई करने लगे।
एफआइआर के तहत दो में से एक आरोपी ने खुद का नाम सूर्या चारण बताते हुए कहा कि वह नरोडा पाटिया का दादा है। तुम मेरी मंजूरी बिना यहां क्यों आए? दूसरे आरोपी ने खुद का नाम विशाल छारा बताते हुए कहा कि वह कुबेरनगर का दादा है। अब से हम दोनों को बिना बताए आए तो जान से मार देंगे। वाहन तोड़ देंगे। ऐसी धमकी देते हुए दोनों सरकारी वाहन के आगे से हट गए, जिससे पीएसआइ हेड कांस्टेबल व ड्राइवर और राइटर के साथ वहां से आगे चल गए। उन्होंने कुछ दूरी पर जाकर उन्होंने शहर पुलिस कंट्रोलरूम में फोन किया। जिससे मौके पर पीसीआर वैन पहुंची। वे पीसीआर वैन के साथ नरोडा पाटिया पहुंचे तब तक दोनों आरोपी फरार हो गए थे। ऐसे में उन्होंने उस समय इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
इस मामले में रविवार को पीएसआइ वी.एस.वळवाई ने नरोडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के आधार पर नरोडा पुलिस ने सूर्या चारण और विशाल छारा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी विशाल छारा को गिरफ्तार कर लिया। सूर्या चारण अभी भी फरार है।