अहमदाबाद

विधायकों की ओर से उठाए सवालों पर हुई कार्यवाही की जानकारी देने को विकसित होगी एप

-जिला समन्वय समिति की बैठक में उठे अशांत अधिनियम , बरसाती जल जमाव के मुद्दे , शहर में ट्रैफिक, बिजली, पानी, अतिक्रमण, नए थानों की जमीन के मुद्दों पर हुई चर्चा

2 min read
Ahmedabad Collector
अहमदाबाद जिला समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते कलक्टर भव्य वर्मा।

Ahmedabad. जिला कलक्टर भव्य वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को कलक्टर कार्यालय में हुई जिला समन्वय समिति की बैठक में अशांत अधिनियम, गांवों में बरसाती पानी की निकासी, शहर में ट्रैफिक, बिजली, पानी, अतिक्रमण, नए थानों के लिए जमीन आवंटन और जीआइडीसी क्षेत्र में इंडस्टि्रयल सेफ्टी का मुद्दा उठा। ग्रामीण क्षेत्र में 7-12, पेयजल, सिंचाई के पानी, जमीन मापन, जमीन संपादन, सोलर पैनल, सरकारी प्लॉट आवंटन और पीएम आवास योजना के मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में उठाए गए प्रश्नों को प्राथमिकता देते हुए उनका त्वरित और सकारात्मक समाधान करने का का निर्देश कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिया है।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विधायकों ने 7/12 प्रमाण पत्र और रजिस्ट्री संबंधी प्रश्न, नदी से गाद निकालकर उसे गहरा करना, भूमि मापन और सड़क से जुड़े प्रश्न, भूमि अधिग्रहण में मुआवज़े का मुद्दा, धार्मिक स्थलों का विकास एवं उन पर सोलर पैनल लगाना, नई पोस्ट ऑफिस की स्थापना, मुनसर तालाब की सफाई सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया।

वहीं शहरी क्षेत्रों के विधायकों ने अवैध निर्माण, भूमि मापन, जीआईडीसी क्षेत्र में औद्योगिक सुरक्षा, बिजली, ट्रैफिक दबाव, नए पुलिस स्टेशन के लिए भूमि आवंटन, खुले सरकारी प्लॉटों के चारों ओर दीवार निर्माण, कानून और व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए उनके समाधान की मांग की। जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि समन्वय समिति में उठाए गए प्रश्नों का गहन अध्ययन कर त्वरित और नियमानुसार कार्यवाही की जाए।

विधायकों की उठाई समस्या पर क्या हुई कार्यवाही चलेगा पता

विधायक अमित ठाकर ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने बैठक में मुद्दा उठाया था कि विधायकों की ओर से उठाए जाने वाले सवालों पर क्या कार्यवाही हुई। उसकी जानकारी विधायकों को लगातार मिलती रहे, उसके लिए एप बनानी चाहिए। कलक्टर ने जानकारी दी कि इस पर काम चल रहा है।

नाम बदलकर संपत्ति खरीदने की नई एमओ

संकलन समिति की बैठक में वेजलपुर विधायक अमित ठाकर ने अशांतधारा का मुद्दा उठाया। उन्होने कहा कि यह बात ध्यान में आ रही है कि कुछ लोग नाम बदलकर अन्य क्षेत्रों में संपत्ति खरीद रहे हैं। यह नई मोडस ऑपरेंडी अपनाई जा रही है। ऐसा ना हो यह सुनिश्चित किया जाए। इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुरजीत सिंह गोहिल, शहर-जिले के 12 विधायक किरीटसिंह डाभी, कालू डाभी, हसमुख पटेल, अमित ठाकर, कौशिक जैन, जीतू पटेल, अमूल भट्ट, हर्षद पटेल, अमित शाह, दिनेशसिंह कुशवाह, पायल कुकरानी, इमरान खेड़ावाला, जिला विकास अधिकारी विदेह खरे, जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश जाट, अहमदाबाद शहर के पुलिस अधिकारी, निवासी अतिरिक्त कलक्टर भाविन सागर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
20 Jun 2026 09:59 pm