अहमदाबाद

बिहार के नवनियुक्त सीएम सम्राट चौधरी को धमकी देने वाला साणंद से गिरफ्तार

-बिहार मूल का है आरोपी, चौधरी के कार्यालय में फोन कर दी थी धमकी

less than 1 minute read
साणंद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

Ahmedabad. बिहार के नव नियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। अहमदाबाद जिले की साणंद पुलिस ने इस मामले में लिप्त आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी शेखर यादव (32) बिहार का ही रहने वाला है।

पुलिस उपाधीक्षक आस्था राणा ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि आरोपी मूलरूप से बिहार के बांका जिले की बेलहर तहसील के खरौदा गाम का रहने वाला है। वह फिलहाल अहमदाबाद जिले की साणंद तहसील के निधराड गांव में स्थित थार ड्रायपोर्ट कंपनी में जलाराम ट्रांसपोर्ट के वाहन चालक के रूप में काम करता है। वह करीब तीन चार महीने पहले ही बिहार से यहां पर आया था।

बातचीत के दौरान हुई कहासुनी

उपाधीक्षक राणा ने बताया कि आरोपी शेखर ने कबूला कि उसने एक विवाद को लेकर याचिका की थी जिसे लेकर उसने चौधरी के कार्यालय में फोन किया था। चौधरी के पीए से बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई और उसने चौधरी को जान से मारने की धमकी दी थी। जिले के पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश जाट ने बताया कि इस मामले में बिहार पुलिस से इनपुट मिलने पर टेक्निकल सर्वेलेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को साणंद-कडी रोड से हिरासत में ले लिया।

बिहार की संग्रामपुर पुलिस को सौंपा

साणंद पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध बिहार के मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज है। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी की सूचना बिहार पुलिस को दी गई है। अहमदाबाद आने के बाद आरोपी की हिरासत संग्रामपुर पुलिस को सौंप दी गई।

Published on:
17 Apr 2026 10:55 pm
Also Read
View All