अहमदाबाद

मेहसाणा-ऊंझा हाइवे पर ट्रक-निजी बस में टक्कर में 2 की मौत, 13 घायल

मेहसाणा-ऊंझा हाईवे पर मोटी दाऊ के पास मंगलवार तड़के निजी बस और ट्रक की टक्कर में बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई वहीं 13 अन्य यात्री घायल हो गए। ट्रक चालक तुलसीराम के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3 बजे हादसा हुआ।
less than 1 minute read
2 Dead, 13 Injured in Truck-Private Bus Collision on Mehsana-Unjha Highway
टक्कर के कारण ट्रक पलट गया और उसमें भरे केले सड़क पर दूर तक बिखर गए।

गलत दिशा में आ रही थी बस, मोटी दाऊ के पास हादसे के बाद ट्रैफिक जाम

मेहसाणा. मेहसाणा-ऊंझा हाईवे पर मोटी दाऊ के पास मंगलवार तड़के निजी बस और ट्रक की टक्कर में बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई वहीं 13 अन्य यात्री घायल हो गए।
ट्रक चालक तुलसीराम के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3 बजे हादसा हुआ। वडोदरा से राजस्थान के जोधपुर जा रहा केले से भरा ट्रक उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब अहमदाबाद की ओर जा रही एक लक्जरी बस अचानक अनियंत्रित होकर गलत दिशा में उससे टकरा गई।

सड़क पर दूर तक बिखरे केले

इसके बाद बस झाड़ियों में घुस गई। टक्कर के कारण ट्रक पलट गया और उसमें भरे केले सड़क पर दूर तक बिखर गए। जानकारी के अनुसार, बस का चालक तेज रफ्तार में गलत दिशा में बस चला रहा था और सामने से आ रहे ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई।

हाईवे पर यात्रियों की चीख-पुकार

हादसे के बाद हाईवे पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भीषण था कि बस और ट्रक के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे।
इस हादसे में 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बस में सवार 13 अन्य यात्री घायल हो गए। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मेहसाणा सिविल अस्पताल और नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों के अनुसार घायलों में कुछ की हालत बेहद गंभीर है। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाकर पहचान के प्रयास आरंभ किए।

Published on:
12 May 2026 10:10 pm