अहमदाबाद

आ सकती है सीडी, जान को खतरा

पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) सूरत के पूर्व संयोजक निखिल सवाणी ने पास संयोजक हार्दिक पटेल जैसी उनकी भी कथित अश्लील सीडी वायरल होने की आशंका जताई ह
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2017, 5:06 AM IST
CD, life threat can come
CD, life threat can come

अहमदाबाद।पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) सूरत के पूर्व संयोजक निखिल सवाणी ने पास संयोजक हार्दिक पटेल जैसी उनकी भी कथित अश्लील सीडी वायरल होने की आशंका जताई है। उन्होंने सूरत के नामी बिल्डर मुकेश पटेल पर फोन कर उनकी कथित अश्लील सीडी को वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मुकेश पटेल भाजपा व पाटीदार आंदोलनकारियों के बीच मध्यस्थी भी कर चुके हैं।

गुरुवार सुबह अहमदाबाद में संवाददाता सम्मेलन में सवाणी ने कहा कि यदि उन्हें कुछ होता है, उनकी मौत होती है, तो मुकेश पटेल और भाजपा से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी होगी। उनकी जांच की जाए।

सवानी ने आरोप लगाया कि मुकेश पटेल ने फोन पर कहा कि पास और हार्दिक पटेल पर आरोप लगाते हुए भाजपा से वापस जुड़ जाओ। भाजपा के विरुद्ध चुनाव प्रचार करोगे तो तुम्हारी सीडी भी वायरल कर दी जाएगी। नहीं मानने पर जान से मारने की भी धमकी देने का आरोप सवानी ने मुकेश पटेल पर लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता की तबियत ठीक नहीं होने के चलते उन्होंने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई। वह एक दो दिन में ही पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।

चुनाव आयोग में भी शिकायत करेंगे। भाजपा में शामिल होने के कुछ दिनों बाद ही भाजपा से इस्तीफा देकर अलग हो चुके सवानी ने कहा कि हनी ट्रैप के जरिए भी उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। इसके पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी ‘जानवी पंचाल’ की फेसबुक आईडी से उनके साथ कुछ समय से कथित अश्लील चैटिंग करने की कोशिश भी की गई। इसके कुछ स्क्रीन शॉट भी उन्होंने सार्वजनिक किए।

सवानी ने आशंका जताई कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से लगता है कि पास संयोजक वरुण पटेल और रेशमा पटेल पर भी ऐसा ही दबाव बनाकर उन्हें भाजपा में शामिल किया गया है। इन दोनों की भी कथित अश्लील सीडी बनी हो सकती है।

कांग्रेस के फार्मूले से वह भी सहमत

सवानी ने कहा कि हार्दिक पटेल ने कांग्रेस की ओर से सुझाए गए पाटीदारों को आरक्षण देने के फार्मूले पर खुद की सहमति दर्शाते हुए कहा कि वह पाटीदारों को आरक्षण दिलाने के लिए लड़ते रहेंगे।

जरूरत पड़ी तो वह पाटीदारों को न्याय दिलाने और आरक्षण दिलाने के लिए कांग्रेस में शामिल होने से भी पीछे नहीं हटेंगे। हार्दिक के साथ रहेंगे।

वरुण-रेशमा ने खारिज किए आरोप

पाटीदार नेता और अब भाजपा में शामिल हुए वरुण पटेल तथा रेशमा पटेल ने पास के पूर्व संयोजक निखिल सवानी की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। वरुण पटेल ने कहा कि निखिल ने सस्ती पब्लिसिटी के लिए यह सब किया है। आज कल गुजरात में फैशन हो गया है कि कुछ भी हो उसमें भाजपा का हाथ होता है। वरुण ने कहा कि निखिल उनकी चिंता न करें क्योंकि उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है जिससे उनकी इस तरह की कोई सीडी बने।

उधर रेशमा ने भी निखिल के आरोपों को पब्लिसिटी स्टंट बताते हुए कहा कि उनकी बातों में कोई तथ्य नहीं लगता है। कभी वे पास को छोडक़र भाजपा से जुड़ते हैं और भाजपा छोडक़र फिर पास से जुड़ते हैं। जिनका खुद का अपना कोई रूख स्पष्ट नहीं रहा। तब निखिल की बात पर कितना विश्वास किया जा सकता है। रेशमा ने कहा कि हार्दिक पटेल ने बुधवार को कहा था कि पास की ओर से वे खुद ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, तब निखिल के सामने आने का क्या औचित्य है।

Published on: