एसएमसी की टीम ने सूचना के आधार पर भुज में की कार्रवाई, तीन मास्टर आईडी के अकाउंट में 78 लाख का बैलेंस
Ahmedabad. आईसीसी चैम्पियन्स ट्रॉफी के तहत भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच मंगलवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिला रहे युवक को स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने पकड़ा है।
सूचना के आधार पर भुज में ट्रॉली मॉल के सामने एक कार में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। उसका नाम मीत उर्फ बाबू कोटक है। वह भुज में प्रमुख स्वामीनगर का रहने वाला है। इस मामले में 16 आरोपियों को फरार घोषित किया गया है।
दबिश देकर पकड़े गए आरोपी मीत के पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं। उनमें यह तीन अलग-अलग आईडी पर सट्टा खिला रहा था। इसमें तीनों आईडी में 78.92 लाख रुपए का बैलेंस मिला है। आईआईकोनेच डॉट कॉम हिमांशु किलिंगकर नाम की आईडी में 45.34 लाख का बैलेंस, इंग्लिश999 डॉट कॉम (मीत राठौड़) नाम की आईडी पर 7.48 लाख का बैलेंस और इंग्लिश999 डॉटकॉम (गोपाल गढवी) नाम की आईडी पर 26.10 लाख का बैलेंस मिला है।
आरोपी ने कबूला कि वह तीन साल से सट्टा खेल रहा है। इसने कबूला कि इसने मीत राठौड़, गोपाल गढवी और हिमांशु कलिंगर के पास से ऑनलाइन एप पर क्रिकेट सट्टा खेलने के लिए आईडी ली थी। इसका पेमेंट ऑनलाइन किया था। इस सट्टेबाजी में उसके साथ नीरज परमार भी पार्टनर है। इसके आधार पर खुद की मास्टर आईडी लेकर अन्य लोगों को भी सट्टा खिलाता था। इसके पास से तीन लाख रुपए की नकदी भी बरामद हुई है।