अहमदाबाद

मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने वडोदरा से खेल महाकुंभ-2026 का किया राज्यव्यापी शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ ने राज्य में खेलों की नई संस्कृति को बढ़ावा दिया है। खेलो इंडिया के तहत गुजरात के लगभग 410 खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं, जबकि राज्य के करीब 11 टॉप एथलीट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
2 min read
Chief Minister and Deputy Chief Minister Launch State-wide Khel Mahakumbh-2026 from Vadodara
वडोदरा में राज्यव्यापी खेल महाकुंभ का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल।

वडोदरा. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को वडोदरा से गुजरात के राज्यव्यापी खेल महाकुंभ-2026 का रंगारंग शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेलेगा वही खिलेगा’ के मंत्र के साथ शुरू हुए खेल महाकुंभ ने राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए व्यापक मंच उपलब्ध कराया है। वर्ष 2010 में पहले खेल महाकुंभ में लगभग 16.5 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस वर्ष 76 लाख से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी की उम्मीद है।

गुजरात में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ ने राज्य में खेलों की नई संस्कृति को बढ़ावा दिया है। खेलो इंडिया के तहत गुजरात के लगभग 410 खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं, जबकि राज्य के करीब 11 टॉप एथलीट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

महिला खिलाड़ियों को भी मिल रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022-23 से शुरू हुई खेलो इंडिया वुमेंस लीग ‘अस्मिता’ ने महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर दिए। राज्य की बेटियों की खेल उपलब्धियां गुजरात के लिए गर्व की बात हैं।

2036 ओलंपिक की तैयारी के लिए टैलेंट हंट

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2036 के ओलंपिक की मेजबानी और उनमें भारतीय खिलाड़ियों की व्यापक भागीदारी की दिशा में प्रतिभाओं को तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात आने वाले दिनों में टैलेंट हंट अभियान चलाकर बच्चों और युवाओं में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान करेगा। 2030 में प्रस्तावित कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ष 2036 के ओलंपिक की मेजबानी की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए 10 से 12 वर्ष की उम्र के बच्चों को भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के रूप में तैयार करने पर ध्यान दिया जाएगा।

शक्ति दूत योजना में अब 500 खिलाड़ियों को लाभ

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि स्कूलों, गांवों और शहरों के अधिक से अधिक विद्यार्थी और युवा खेल महाकुंभ में भाग लें। पहले शक्ति दूत योजना के तहत 50 खिलाड़ियों का चयन किया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब 500 खिलाड़ियों को सीधे लाभ देने का निर्णय लिया गया है।
समारोह में खेल महाकुंभ-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों, जिलों और मनपा को सम्मानित किया गया। विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।

नडियाद का नॉलेज हाईस्कूल प्रथम

खेल महाकुंभ-2025 में सर्वश्रेष्ठ स्कूलों की श्रेणी में खेड़ा जिले के नडियाद के नॉलेज हाईस्कूल ने पहला स्थान हासिल किया। स्कूल को 5 लाख रुपए और ट्रॉफी प्रदान की गई। वडोदरा का उर्मी स्कूल दूसरे स्थान पर रहा, जिसे 3 लाख रुपए मिले।

महेसाणा जिला ओवरऑल चैंपियन

सर्वश्रेष्ठ जिलों की श्रेणी में मेहसाणा ओवरऑल स्टेट चैंपियन बना, जबकि खेड़ा स्टेट रनर-अप और अहमदाबाद स्टेट सेकंड रनर-अप रहा। मनपा की श्रेणी में सूरत ओवरऑल स्टेट चैंपियन, अहमदाबाद दूसरे और वडोदरा तीसरे स्थान पर रही।

Updated on:
09 Oct 2026 10:26 pm
Published on:
09 Oct 2026 10:26 pm