9 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

साबरमती रेलवे स्टेशन का 85 प्रतिशत पुनर्विकास कार्य पूरा, 335 करोड़ से बन रहा मल्टीमॉडल हब

अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के अनुसार मुख्य स्टेशन भवन का ईस्ट विंग काफी हद तक पूर्ण हो चुका है। ईस्ट विंग में अनारक्षित, आरक्षित एवं टिकट काउंटर संचालित हो रहे हैं। प्रतीक्षालय भी ईस्ट विंग में स्थानांतरित कर दिया है। ईस्ट विंग की लिफ्ट एवं एस्केलेटर भी चालू कर दिए हैं।
2 min read
Google source verification
85% of Sabarmati Railway Station Redevelopment Complete; Multimodal Hub Being Built at a Cost of ₹335 Crore

साबरमती रेलवे स्टेशन पर जारी पुनर्विकास कार्य।

अहमदाबाद. शहर के साबरमती रेलवे स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी से युक्त परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। पश्चिम रेलवे की ओर से करीब 335 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे पुनर्विकास कार्य का लगभग 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। स्टेशन को मेट्रो और हाई-स्पीड रेल से जोड़ने पर और स्मार्ट तकनीक, पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं, यात्री आवागमन पर ध्यान दिया जा रहा है।
अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के अनुसार मुख्य स्टेशन भवन का ईस्ट विंग काफी हद तक पूर्ण हो चुका है। ईस्ट विंग में अनारक्षित, आरक्षित एवं टिकट काउंटर संचालित हो रहे हैं। प्रतीक्षालय भी ईस्ट विंग में स्थानांतरित कर दिया है। ईस्ट विंग की लिफ्ट एवं एस्केलेटर भी चालू कर दिए हैं।

28 लिफ्ट और 28 एस्केलेटर की सुविधा

स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 28 लिफ्ट और 28 एस्केलेटर उपलब्ध कराए जाएंगे। दिव्यांग यात्रियों के लिए ब्रेल सुविधा, गाइड एवं वार्निंग टाइल्स, दिशासूचक संकेतक, अनुकूल टिकट काउंटर और पेयजल की व्यवस्था होगी। यात्रियों के आगमन और प्रस्थान के लिए अलग-अलग क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। दोपहिया वाहनों, कार, ऑटो और बसों के लिए पार्किंग के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग सुविधा भी उपलब्ध होगी।
यात्री कॉनकोर्स में प्रतीक्षालय, शौचालय, महिलाओं और बच्चों के लिए बेबी-केयर रूम, कैफेटेरिया तथा वाणिज्यिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साबरमती ब्रॉडगेज (एसबीआइबी) स्टेशन पर 7 और साबरमती जंक्शन (एसबीटी) स्टेशन पर 3 प्लेटफॉर्म होंगे। दोनों स्टेशनों पर 3-3 फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का प्रावधान है।

10 हजार यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया

स्टेशन परिसर में करीब 86 हजार वर्गफीट क्षेत्र में दो मंजिला होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है। इसकी प्रत्येक मंजिल लगभग 43 हजार वर्गफीट की होगी और इसमें 10 हजार यात्रियों को समायोजित किया जा सकेगा। यहां बैठने की व्यवस्था, पेयजल, जलपान केंद्र और पुरुषों, महिलाओं तथा दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय होंगे।

मेट्रो और हाई-स्पीड रेल की कनेक्टिविटी

स्टेशन से ही साबरमती मेट्रो, एईसी मेट्रो स्टेशन और हाई-स्पीड रेल बुलेट ट्रेन स्टेशन पर जाने की सुविधा होगी। स्टेशन को गोल्ड रेटेड ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित करने की योजना है। परिसर में 1,300 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा। स्मार्ट बिल्डिंग मैनेजमेंट, सीसीटीवी निगरानी और रियल टाइम यात्री सूचना प्रणाली आदि सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। वर्तमान में साबरमती स्टेशन से 19 ट्रेनें चलती हैं और 22 ट्रेनें गुजरती हैं। रोजाना 35 हजार यात्रियों का आवागमन हो रहा है।