अहमदाबाद

गुजरात राज्य में आएगा बड़ा पूंजी निवेश: भूपेंद्र पटेल

‘वाइब्रेंट गुजरात 2027’ की नींव मजबूत: अमरीका, कनाडा दौरे से लौटे मुख्यमंत्री का अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने किया स्वागत
2 min read
cm bhupendra patel
अमरीका, कनाडा यात्रा से लौटने पर अहमदाबाद एयरपोर्ट से बाहर निकलते मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल। साथ हैं उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी।

Ahmedabad. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अमरीका और कनाडा की आधिकारिक यात्रा पूरी कर सुबह वापस अहमदाबाद लौट आए। अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

स्वदेश लौटने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात में अधिक से अधिक वैश्विक पूंजी निवेश आकर्षित करना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य था, जिसमें प्रतिनिधिमंडल को बड़ी सफलता मिली है।

मुख्यमंत्री ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वैश्विक कद को देते हुए कहा, कि दुनिया भर के निवेशकों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उनकी साख पर अटूट विश्वास है। इसी विश्वास के कारण वैश्विक निवेशक हर सेक्टर में भारत और विशेष रूप से गुजरात में बड़ा निवेश करने के लिए उत्सुक हैं।

उभरते क्षेत्रों में निवेश पर जताई निवेश की तैयारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय वित्तीय कंपनियों और वैश्विक टेक दिग्गजों के साथ बैठकें बेहद सकारात्मक रहीं। गुजरात में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), डेटा सेंटर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों के साथ-साथ 'गिफ्ट सिटी' में वित्तीय व बैंकिंग सेवाओं के विस्तार को लेकर निवेशकों ने गहरी रुचि दिखाई है।

वाइब्रेंट गुजरात समिट 2027 का दिया न्योता

गांधीनगर में 10 से 12 जनवरी, 2027 को आयोजित होने वाली 11वीं 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' के संदर्भ में यह उच्चस्तरीय विदेश यात्रा आयोजित की गई थी। इस दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सैन फ्रांसिस्को, वॉशिंगटन डी.सी. और न्यूयॉर्क में वैश्विक निवेशकों, टेक्नोलॉजी लीडर्स, युवा उद्यमियों, इनोवेटर्स और प्रवासी गुजराती समुदाय (डायस्पोरा) के साथ कई बैठकें कीं। मुख्यमंत्री ने सभी को समिट में भागीदारी, निवेश और रणनीतिक साझेदारी के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री के साथ इस विदेश दौरे में मुख्य सचिव एम. के. दास, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव टी. नटराजन, उद्योग एवं खान विभाग की अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कुमार, अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे तथा राज्य के प्रमुख उद्योग-व्यापार जगत के प्रतिनिधि शामिल थे।

हवाई अड्डे पर प्रतिनिधिमंडल की अगवानी के लिए इंडेक्स्ट-बी के प्रबंध निदेशक के. सी. संपत, अपर उद्योग आयुक्त अमित प्रकाश यादव, अहमदाबाद शहर पुलिस आयुक्त अनुप सिंह गहलोत तथा अहमदाबाद जिला कलेक्टर भव्य वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे

गांधीनगर में मुख्यमंत्री की सुजुकी मोटर्स के प्रतिनिधिमंडल से बैठक

अहमदाबाद. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को अमरीका और कनाडा के दौरे से लौटने के तुरंत बाद बैठकों का दौर शुरू कर दिया। उन्होंने गांधीनगर में सुजुकी मोटर्स के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इसमें सुजुकी मोटर्स ने गुजरात में और अधिक निवेश करने के लिए उत्सुकता दिखाई। सीएम ने गुजरात में ऑटोमोबाइल सेक्टर को और गति देने तथा ऑटोमोबाइल हब के रूप में गुजरात की प्रतिष्ठा को और अधिक व्यापक बनाने की दिशा में प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा और विचार-विमर्श किया।

Updated on:
27 Aug 2026 10:20 pm
Published on:
27 Aug 2026 10:20 pm