
राजकोट में गुड्स शेड का लोकार्पण।
राजकोट. पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने राजकोट एवं द्वारका स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकोट में 28.71 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकसित राजकोट गुड्स शेड के कार्यों का लोकार्पण भी किया।
राजकोट गुड्स शेड में आधुनिक आरसीसी प्लेटफॉर्म एवं सड़क संपर्क सुविधा, नया दो-मंजिला गुड्स कार्यालय भवन, सुदृढ़ सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था, बेहतर वर्षा जल निकासी व्यवस्था, लोडिंग-अनलोडिंग की सुगमता तथा तीन रेल ट्रैक को पूर्ण रेक लंबाई तक विस्तारित करने की अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने राजकोट के मंडल रेल प्रबंधक गिरिराज कुमार मीना तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पौधरोपण भी किया।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजकोट एवं द्वारका स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने राजकोट में रुखड़िया कॉलोनी की ओर निर्माणाधीन स्टेशन की दूसरी एंट्री, राजकोट एवं द्वारका में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), लिफ्ट, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालयों, कैटरिंग स्टॉल, एक्जीक्यूटिव लाउंज तथा सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण कर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों को प्रभावी ढंग से बनाए रखने, यात्री सुविधाओं को और सुदृढ़ करने तथा रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुचारु एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने राजकोट स्थित रेलवे लोको कॉलोनी में रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से संवाद कर रेलवे की आवासीय सुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव प्राप्त किए।
Updated on:
27 Aug 2026 11:01 pm
Published on:
27 Aug 2026 11:01 pm
