
Ahmedabad. विधवा महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाकर उनका विश्वास जीतकर उनसे पैसे, वाहन ठगने वाले एक शातिर आरोपी को क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा है। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध एक महिला ने महिला पश्चिम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज होते ही हरकत में आई क्राइम ब्रांच की टीम ने इसे गिरफ्तार कर लिया।
क्राइम ब्रांच के उपायुक्त अजीत राज्यान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का नाम करीम सिपाई है। यह महेसाणा जिले की कडी तहसील के सरघाटानी घाटी का रहने वाला है। इसने मैट्रिमोनियल साइट पर खुद की पहचान छिपाकर आदित्य पटेल के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। यह विधवा महिलाओं को निशाना बनाता था। इसके विरुद्ध शहर के महिला पश्चिम पुलिस स्टेशन में विधिवत शिकायत दर्ज की गई है। इस मामले में महिला पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए इसे गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी करीम सिपाई खुद को आदित्य पटेल बताता था। इस नाम से ही इसने नकली प्रोफ़ाइल बनाई और विधवा महिलाओं से संपर्क किया। यह खुद को विधुर और संतानहीन बताते हुए अकेली विधवा महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाता था।भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने आदित्य पटेल के नाम के आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और पत्नी के मृत्यु प्रमाणपत्र तक बना रखे थे। विश्वास जीतने के बाद शादी का लालच देकर आरोपी ने अलग-अलग बहानों से महिलाओं के पास से नकद राशि और वाहन ऐंठता था।
क्राइम ब्रांच के तहत एक महिला की ओर से फोन पर इससे बातचीत के दौरान कॉलर आईडी ऐप पर इसका संदिग्ध नाम दिखा। ऐसे में दिए गए पते की जांच करने पर झूठ सामने आ गया और पूरा मामला उजागर हुआ। दस्तावेजों की पड़ताल में पता चला कि खुद को आदित्य पटेल बताने वाला असल में करीम सिपाई है।
क्राइम ब्रांच ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मैट्रिमोनियल साइट या सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्ति से संपर्क करते समय सतर्क रहें। उनकी ओर से दिए जा रहे दस्तावेजों की पूरी जांच करें, उसके बाद ही विश्वास करें और आगे बढ़ें।
विहिप और बजरंग दल ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बजरंगदल के क्षेत्रीय सह संयोजक ज्वलित मेहता और विहिप प्रवक्ता हितेंद्र सिंह राजपूत ने पीडि़त महिला के साथ संवाददाताओं को बताया कि यह लव जिहाद का मामला है। इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। इसने कई और महिलाओं को इस प्रकार से अपना शिकार बनाया है।