अहमदाबाद

जैन विद्या दीक्षांत समारोह में 11 परीक्षार्थियों का सम्मान

अहमदाबाद @ पत्रिका. श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा कांकरिया मणिनगर में समण संस्कृति संकाय द्वारा जैन विद्या दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। साध्वी रामकुमारी के सानिध्य में हुए इस समारोह में जैन विद्या परीक्षा उत्तीर्ण 11 परीक्षार्थियों का सम्मान किया गया।
2 min read
11 Candidates Honoured at Jain Vidya Convocation Ceremony
जैन विद्या दीक्षांत समारोह में ज्योति तातेड को विज्ञ उपाधि प्रदान करते हनुमान लुंकड़ व चंपालाल गांधी।

श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा कांकरिया मणिनगर में आयोजन

अहमदाबाद @ पत्रिका. श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा कांकरिया मणिनगर में समण संस्कृति संकाय द्वारा जैन विद्या दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। साध्वी रामकुमारी के सानिध्य में हुए इस समारोह में जैन विद्या परीक्षा उत्तीर्ण 11 परीक्षार्थियों का सम्मान किया गया।
राजस्थान के लाडनूं स्थित जैन विश्व भारती में समण संस्कृति संकाय के सह विभागाध्यक्ष हनुमान लुंकड़ मुख्य अतिथि थे। उन्होंने बच्चों को जैन संस्कार देने पर जोर दिया। तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के न्यासी रायचंद लूणिया, तेरापंथ महिला मंडल अहमदाबाद की संरक्षक सावित्री लूनिया और मंत्री रेखा धुप्या ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
केंद्र के पूर्व व्यवस्थापक मनोज सिपानी ने जैन विद्या परीक्षा की रिपोर्ट प्रस्तुत की। जैन विद्या परीक्षा के लिए सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के लिए उनके साथ राहुल चोरड़िया सहित कई कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। हितेश लूनिया को नव नियुक्त केंद्र व्यवस्थापक के रूप में बैच पहनाया गया। साध्वी आत्म प्रभा और साध्वी सुविधि प्रभा ने सभी को जैन विद्या से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
ममता रमेश कच्छारा द्वारा रचित पुस्तक 'भावो की यात्रा' का विमोचन मुख्य अतिथि ने साध्वी रामकुमारी के सानिध्य में किया। समारोह में ज्योति तातेड को 'विज्ञ उपाधि' प्रदान की गई। जैन विद्या में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों को प्रमाण पत्र व उपहार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सहयोगी निकिता सिपानी को भी सम्मानित किया गया। सभा अध्यक्ष चंपालाल गांधी, मंत्री चैनरूप दोशी, तेरापंथ युवक परिषद अहमदाबाद पूर्व अध्यक्ष नलिन दुग्गड़, छोटूलाल सेठिया आदि ने विचार व्यक्त किए।

आचार्य तुलसी की पुण्य तिथि विसर्जन दिवस पर विचार गोष्ठी

अहमदाबाद @ पत्रिका. तेरापंथ महिला मंडल अहमदाबाद द्वारा आचार्य तुलसी की 30वीं पुण्य तिथि कांकरिया-मणिनगर में विसर्जन दिवस के रूप में मनाई गई। साध्वी रामकुमारी के सानिध्य में विचार गोष्ठी में महिला मंडल की संरक्षिका सावित्री लूणिया ने कविता के माध्यम से आचार्य तुलसी के नारी उत्थान के कार्यों वर्णन किया। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा कांकरिया-मणिनगर के अध्यक्ष चंपालाल गांधी ने बच्चों को सही संस्कार देने और युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन पर बल दिया। उन्होंने आचार्य तुलसी के अणुव्रत आंदोलन को आगे बढ़ाने की अपील की। वरिष्ठ श्रावक रायचंद लूणिया ने आचार्य तुलसी के प्रकाश से स्वयं को प्रकाशित करने का संदेश दिया। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की प्रचार प्रसार मंत्री वर्षा लूणिया ने "विसर्जन" का अर्थ समझाते हुए कहा कि महान पुरुष अपने पद से नहीं, विचारों और कार्यों से महान बनते हैं। साध्वी सुविधिप्रभा ने आचार्य तुलसी को युग प्रधान बताया, जिन्होंने सबको प्रकाश दिया। साध्वी आत्मप्रभा ने नारी उत्थान के लिए आचार्य तुलसी के विशेष कार्यों का उल्लेख किया और इंसान को सच्चा इंसान बनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में तेरापंथ युवक परिषद के उपाध्यक्ष प्रशांत नाहटा एवं सभा के मनोज सिंघी, सभा मंत्री चैनरूप दोशी के अलावा विशाखा दफ्तरी ने भी विचार व्यक्त किए।

Updated on:
06 Jul 2026 09:43 pm
Published on:
06 Jul 2026 09:43 pm