
राजकोट. पत्नी के भाई की बीमारी की चिंता में दम्पत्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार के साथ मामा के घर आए दम्पत्ति की आत्महत्या के चलते परिवार में मातम छा गया।
जानकारी को अनुसार मूलरूप से बोटाद जिले की राणपुर तहसील के चारणकी गांव निवासी एवं फिलहाल मुम्बई में रह रहे मोहनभाई कतपरा (५४) परिवार के साथ उमरडा गांव निवासी पत्नी के भाई सवजी चावड़ा के घर वैकेशन का लुत्फ उठाने के लिए आए थे। इस दौरान मोहन के पुत्र हीतेश कतपरा (२८) एवं हीतेश की पत्नी अनीता (२८) ने बुधवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
ढसा पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार गुंदा गांव निवासी अनीता का भाई मानसिक रूप से बीमार हैं, जिनकी चिंता में हीतेश व अनीता ने आत्महत्या कर ली। मृतक दम्पत्ति की संतानों में डेढ़ वर्षीय पुत्रएवं ढाई वर्षीय पुत्री है।
मृतक हीतेश के मामा सवजीभाई के पुत्र व पुत्रवधु की डेढ़ वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पुत्र व पुत्रवधु की मौत से आघात में आई सवजी की पत्नी की भी एक वर्ष पूर्व मौत हो गई थी।
दो प्रेमी युगलों ने की आत्महत्या
राजकोट/भावनगर. बोटाद एवं भावनगर जिले में दो प्रेमी युगलों के आत्महत्या का मामला सामने आया है।
आत्महत्या का पहला मामला बोटाद जिले के पाळियाद रोड स्थित श्रद्धा वूमन्स अस्पताल के मेडिकल स्टोर का है, जहां से मंगलवार शाम को एक युवक एवं एक युवती बेहोश हालत में मिले। दोनों को निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बोटाद सिटी पुलिस के अनुसार मृतकों की शिनाख्त बोटाद निवासी अकरम सिराजभाई खलियाणी (२३) एवं नेहाबेन प्रजापति के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार अकरम श्रद्धा वूमन्स अस्पताल के मेडिकल स्टोर में काम करता था, जबकि नेहा ब्यूटी पार्लर चलाती थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। मंगलवार शाम को दोनों अस्पताल के मेडिकल स्टोर में गए थे और दरावाजा अंदर से बंद कर लिया। घंटों तक मेडिकल का दरवाजा नहीं खुला तो कर्मचारियों ने खिड़की से अंदर देखा तो पता चला कि दोनों बेहोश हालत में थे। शीघ्र एम्बुलेंस सेवा १०८ की मदद से दोनों को निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या का दूसरा मामला भावनगर जिले की तळाजा तहसील के बपाडा गांव का है, जहां प्रेमी युगल ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। मूलरूप से पीपरला निवासी एवं बपाड़ा गांव में वाड़ी में खेत मजदूरी करने वाले परेश परमार के पड़ोसी किशोरी के साथ प्रेम संबंध थे। इस दौरान सोमवार दोपहर को दोनों जने लापता हो गया। परिजनों ने अनेक स्थलों पर तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इस बीच मंगलवार शाम को दोनों के शव बाजरी के खेत में मिले। इस संबंध में अलंग पुलिस ने मामला दर्ज किया है।