
Ahmedabad. शहर के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल दरियापुर और शाहपुर में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच इस साल भी साम्प्रदायिक सौहार्द का माहौल नजर आया। यहां हर साल की तरह इस साल भी दरियापुर लीमड़ा चौक पर शांति के दूत कबूतर को उड़ाया गया। शहर के शाहपुर क्षेत्र में भी रंगीला चौकी के पास हर साल की तरह इस साल जगन्नाथ मंदिर के महंत दिलीप दास महाराज, न्यासी महेन्द्र झा और पूर्व विधायक ग्यासुद्दीन शेख ने शांतिपूर्वक रथयात्रा निकले और भाईचारे का माहौल रहे, उसके लिए सफेद कबूतरों को उड़ाया।
शहर के दरियापुर क्षेत्र में जगन्नाथ रथयात्रा के प्रसाद के लिए लोग झोली फैलाते और हाथ आगे बढ़ाते हुए देखे गए। रथयात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रथयात्रा मार्ग के पास लगाई गई रेलिंग के समीप खड़े नजर आए। इसमें बच्चे, बुजुर्ग, युवा, महिलाएं सभी शामिल थे। प्रसाद में बांटी गई टॉफी, पेन, पेंसिल, विभिन्न खाद्य पदार्थ को लोग लेकर बच्चों को देते हुए नजर आए।
रथयात्रा में शामिल 30 से ज्यादा अखाड़ों में शामिल कलाकारों ने अपने हैरतअंगेज करतब तो दिखाए ही साथ ही अंगदान का भी संदेश दिया। अखाड़ों में शामिल सभी लोगों ने पीछे अंगदान, महादान, एक निर्णय, अनेक मुस्कान का संदेश लिखी टी-शर्ट पहनी हुई थी।
अहमदाबाद महानगर पालिका की ओर से भी टेब्लो के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया। मनपा की ओर से एक ट्रक में अलग-अलग प्रकार की डस्टबिन के पुतले बनाकर रथयात्रा में लोगों को इन डस्टबिन के अंदर ही सूखा, गीला कूड़़ा, ई-वेस्ट, मेडिकल वेस्ट अलग करके घर-घर कूड़ा लेने आने वाले वाहन में डालने का संदेश दिया।
रथयात्रा पर एक मुस्लिम युवक की ओर से फूल बरसाए गए। जैसे ही भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलदाऊ के रथ निकले युवक ने उन पर फूल बरसाकर उनका स्वागत गिया।