अहमदाबाद

रेल यात्रियों को बड़ी राहत, कालूपुर स्टेशन पर मिलेगी डिजिटल लगेज लॉकर सेवा

अहमदाबाद. शहर के कालूपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर सेवा शुरू कर दी गई है। अहमदाबाद पश्चिम के सांसद दिनेश मकवाणा ने बुधवार को प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास स्थापित इस स्वचालित और कैशलेस सुविधा का उद्घाटन किया।

2 min read
Major Relief for Rail Passengers: Digital Luggage Locker Service at Kalupur Station
अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर।

सामान की चिंता खत्म, 24 घंटे उपलब्ध, मोबाइल से होगी बुकिंग, यूपीआइ से भुगतान और ओटीपी से खुलेगा लॉकर

अहमदाबाद. शहर के कालूपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर सेवा शुरू कर दी गई है। अहमदाबाद पश्चिम के सांसद दिनेश मकवाणा ने बुधवार को प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास स्थापित इस स्वचालित और कैशलेस सुविधा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि शहर भ्रमण या अन्य कार्यों के दौरान यात्री अब बिना किसी चिंता के अपना सामान सुरक्षित रख सकेंगे। यात्री बिना किसी कर्मचारी की सहायता के अपने मोबाइल फोन के माध्यम से लॉकर का संचालन कर सकेंगे।
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि कालूपुर स्थित अहमदाबाद स्टेशन पर पहली बार यह सुविधा शुरू की गई है। बाहर से आने वाले यात्रियों को अक्सर कुछ घंटों के लिए सामान सुरक्षित रखने में परेशानी होती है और कई बार उन्हें होटल का कमरा लेना पड़ता है। यदि उन्हें तीन-चार या छह घंटे के लिए किसी कार्यालय या अन्य कार्यस्थल पर जाना हो तो सामान साथ लेकर जाना असुविधाजनक होता है। यात्री अपना सामान लॉकर में सुरक्षित रखकर अपना काम कर सकेंगे। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध कराई गई है। देश के विभिन्न भागों से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल स्क्रीन पर बहुभाषीय इंटरफेस उपलब्ध कराया गया है। इसे यात्री स्वयं आसानी से संचालित कर सकते हैं।

59 लॉकर उपलब्ध, मोबाइल फोन के जरिए लॉकर बुक खोल सकेंगे

डिजिटल लॉकर प्रणाली में छोटे, मध्यम और बड़े आकार सहित कुल 59 लॉकर उपलब्ध हैं। यात्री अपने मोबाइल फोन के जरिए लॉकर बुक और संचालित कर सकेंगे। सहायता के लिए कर्मचारियों की भी व्यवस्था की गई है। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजकर लॉकर खोला जाएगा। लॉकर के संचालन के लिए यात्री के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) भेजा जाएगा, जिससे अनधिकृत पहुंच पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यूपीआइ, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से भुगतान की सुविधा भी दी गई है। सभी लॉकर छेड़छाड़-रोधी हैं और उनकी निगरानी क्लाउड आधारित प्रणाली से होगी। बिजली बाधित होने की स्थिति में बैकअप की व्यवस्था भी रहेगी। पांच वर्ष की अवधि के अनुबंध से रेलवे को करीब 48.46 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। उधर अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध क्लॉक रूम में 24 घंटे के लिए 15 रुपए प्रति सामान वसूला जा रहा है।

अगले चरण में साबरमती स्टेशन पर इस तरह की सुविधा

इसकी सफलता के आधार पर आगे के चरणों में यात्रियों के लिए और अधिक सुविधाएं मिलेंगी। अधिकारियों के अनुसार अगले चरण में साबरमती स्टेशन पर भी इसी तरह की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहां यात्रियों के लिए फ्रेश होने, भोजन करने और कार्य करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी।

अन्य स्टेशनों पर भी यह सुविधा

रेलवे सूत्रों के अनुसार, इसी प्रकार की डिजिटल लगेज लॉकर सुविधाएं पहले से ही मुंबई सीएसएमटी, पुणे, वडोदरा, जामनगर, शिरडी, नागपुर, लखनऊ, वाराणसी, अमृतसर, अजमेर, बिलासपुर, बेंगलूरु, चेन्नई सेंट्रल प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर संचालित हो रही है।

Published on:
10 Jun 2026 09:27 pm