-चोरी की 23 बाइक बरामद, 19 मामले सुलझे, दो आरोपी राजस्थान मूल के रहने वाले
Ahmedabad. शहर में बीते एक साल से सक्रिय दुपहिया वाहन चोर गिरोह का सोला हाईकोर्ट थाने की पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनके पास से चोरी की 23 बाइक बरामद की हैं, जिसके चलते 19 वाहन चोरी के दर्ज मामलों की गुत्थी सुलझी है। पकड़े गए आरोपियों में दो आरोपी राजस्थान के मूल निवासी हैं।
पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी गोपाल तीरगर (34) मूलरूप से राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की परतापुर गडी तहसील के पाालदा गांव का रहने वाला है। अहमदाबाद में एसजी हाइवे पर वैष्णोदेवी ब्रिज के नीचे रहता है। भारता उर्फ भरत सिंघाडा (52) भी बांसवाड़ा जिले के पालदा गांव का रहने वाला है। मुकेश पारगी (33) महीसागर जिले की संतरामपुर तहसील के महादेव फळियु कुंडा गाम का निवासी है। अहमदाबाद में राणीप डी मार्ट के सामने डंपिंग स्टेशन के पास झुग्गी में रहता है। कडिया का काम करता है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह गिरोह एसजी हाइवे पर वाहनों को पार्क करके गांधीनगर या अन्य कार्यालयों में नौकरी जाने वाले या अन्य कार्य से जाने वाले लोगों के वाहनों को निशाना बनाते थे। ऐसे ही सोला भागवत ब्रिज के नीचे पार्क दुपहिया वाहन की चोरी के मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को चिन्हित किया गया। एसपी रिंगरोड पर एक व्यक्ति को दुपहिया वाहन के साथ पकड़ा। उससे कागजात मांगने पर वह कागजात नहीं दे पाया। ऐसे में शंका के आधार पर की गई पूछताछ और जांच में आरोपी ने कई अन्य बाइकों की चोरी करने और उसे बेचने के लिए अपने मित्रों को देने की बात कबूली। इस आधार पर उसके दो मित्रों को भी पकड़ लिया। इनके पास से भाडज सर्कल के पास झाडि़यों में छिपाकर रखी गईं कई बाइक व अन्य जगहों से कुल 22 और बाइकों को बरामद किया। इनकी कीमत 5.65 लाख रुपए है। आरोपी के विरुद्ध सोला हाईकोर्ट थाने में ही नौ वाहन, रामोल में पांच, कृष्णनगर, ओढव, निकोल, साबरमती रिवरफ्रंट, कठलाल थाने में एक-एक मामले दर्ज हैं।