
Ahmedabad. शहर के शाहपुर क्षेत्र में सस्ती ब्रांड की अवैध विदेशी शराब को महंगे ब्रांड की बोतलों में भरकर बेचने के गोरखधंधे का प्रिवेंशन ऑफ क्राइम ब्रांच (पीसीबी) टीम ने छापा मारकर पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों -मंदीप भावसार (40), कैलाश बोडाणा (36), देव पटेल (22) और देवांग जानी (28)- को मौके से गिरफ्तार किया गया, हालांकि पूरे रैकेट का मुख्य आरोपी विक्की उर्फ मंगो उर्फ बळेलो चौहान फरार हो गया। पुलिस ने 1.56 लाख से ज्यादा का मुद्दामाल जब्त किया।
पीसीबी के पीआइ जे.पी.जाडेजा ने जानकारी दी कि पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने शाहपुर में हलीम नी खड़की के पास मढ़वाला नी पोल स्थित एक मकान पर छापा मारा। वहां सस्ती ब्रांड की अवैध विदेशी शराब को महंगे ब्रांड की बोतलों में भरकर तैयार किया जा रहा था। मौके से 227 सीलबंद विदेशी शराब की बोतलें मिलीं, जिनकी कीमत 1.14 लाख रुपए है। ब्रांडेड विदेशी शराब की 127 खाली बोतलें, 100 बोतलों के ढक्कन, 118 ब्रांडेड स्टिकर, काले रंग का हेयर ड्रायर, अलग-अलग फ्लेवर की पांच सामग्री, पांच मोबाइल फोन, 11160 रुपए नकद, दो कैन में रखी 22 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।पीसीबी के अनुसार यह पूरा कामकाज विक्की के घर में ही किया जा रहा था। आरोपी मिलकर सस्ती ब्रांड की अवैध विदेशी शराब को महंगे ब्रांड की बोतलों, स्टिकरों और अन्य उपकरणों की मदद से तैयार करते थे। फिर उसे ऊंचे दामों पर बेचते थे।
अहमदाबाद. राजस्थान से ट्रेवल्स बस के जरिए अवैध रूप से विदेशी शराब की खेप लाकर शहर में सप्लाई करने का खुलासा हुआ है। पीसीबी टीम ने शहरकोटड़ा थाना क्षेत्र में डी कॉलोनी रोड स्थित मारुति ट्रेवल्स की पार्किंग के पास खुले प्लॉट में छापा दबिश दी। वहां राजस्थान से ट्रेवल्स बस में लाई गई विदेशी शराब की बोतलों को उतारा जा रहा था। मौके से 3.78 लाख की 1432 सीलबंद बोतल विदेशी शराब जब्त की है।पीसीबी पीआइ जाडेजा के अनुसार पुलिस ने 20 लाख कीमत की लग्जरी बस, डेढ़ लाख कीमत का लोडिंग टेम्पो, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, शराब सहित कुल 26,91,398 रुपए का मुद्दामाल जब्त किया है। मौके से वटवा के बस चालक मोहसिन शेख (31) और लांभा के मकतूराम वणजारा (32) को गिरफ्तार किया।
मामले में राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी समीर उर्फ अनीश, विदेशी शराब की खेप उपलब्ध कराने वाला राजसमंद के रापचा गांव सावरिया सर्विस स्टेशन के पास रहने वाला व्यक्ति फरार है। मोटरसाइकिल का चालक दौलत वणजारा, लग्जरी बस का कंडक्टर गोपाल भी फरार है।