अहमदाबाद

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का वीडियो वायरल, गुजरात सरकार ने दिए जांच के निर्देश

इन दिनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद है। उसे ड्रग्स के मामले में गुजरात एटीएस ने गिरफ्तार किया था।

2 min read
साबरमती जेल (फाइल फोटो)।

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार उसका एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें लॉरेंस कथित रूप से पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी को ईद की बधाई दे रहा है। लॉरेंस इन दिनों गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल में कैद है। इससे एक निजी चैनल को जेल से इंटरव्यू देने के चलते सुर्खियों में आ चुका था। इस मामले में गुजरात सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं। लॉरेंस को गुजरात एटीएस ने ड्रग्स के केस में गिरफ्तार किया है।

लॉरेंस साबरमती जेल में कड़े सुरक्षा पहरे में बंद रहता है। इस मामले में साबरमती सेंट्रल जेल के उपाधीक्षक परेश सोलंकी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो साबरमती जेल का नहीं है। यह आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के जरिए भी तैयार किया हो सकता है। पहले का भी हो सकता है। लॉरेंस को विशेष सेल में रखा गया है। दिन में दो बार मोबाइल को लेकर चेकिंग की जाती है।

वीडियो में दे रहा है ईद की बधाई

लॉरेंस बिश्नोई वायरल हुए कथित वीडियो में पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी को ईद की बधाई देता है। 17 सेकेंड के वायरल वीडियो में शहजाद लॉरेंस को बताता है कि दुबई वगैरह में ईद आज हो गई है। पाकिस्तान में कल होगी। लॉरेंस पूछता है कि आज नहीं है? भट्टी कहता है कि दूसरे देशों में आज है। बाकी कल होगी। लॉरेंस कल फिर फोन करने की बात कहता है। हालांकि यह वायरल वीडियो कब का है, कहां का है?, कहां से लीक हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

गुजरात सरकार ने दिए जांच के निर्देश

साबरमती जेल में कैद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पाकिस्तानी डॉन भट्टी को वीडियो कॉल करने के कथित वायरल वीडियो पर गुजरात सरकार के प्रवक्ता मंत्री ऋषिकेश पटेल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि आज सुबह ही उन्हें इसका पता चला है। वीडियो पुराना है या नया है, कहां का है, कब का है। सही है या नहीं इसकी जांच की जाएगी। राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने इसकी जांच के निर्देश दे दिए हैं।

क्राइम ब्रांच ने दर्ज की सूचनार्थ, जेल में जांच

अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच ने इस मामले में सूचनार्थ दर्ज की है। इसको लेकर क्राइम ब्रांच की टीम ने साबरमती जेल में जाकर जांच भी की है। प्रथमदृष्टया क्राइम ब्रांच का मानना है कि यह वीडियो साबरमती जेल का नहीं है। फिर भी जांच की जा रही है।

Published on:
18 Jun 2024 10:27 pm
Also Read
View All

अगली खबर