
वडोदरा. जिले के नंदेसरी क्षेत्र में फाजलपुर के पास दिल्ली-मुंबई भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दूध के टैंकर और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) से भरे टैंकर के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद एलएनजी टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, टक्कर में दूध के टैंकर का चालक घायल हो गया, उसे उपचार के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। हालांकि, अत्यधिक ज्वलनशील एलएनजी के रिसाव के कारण प्रशासन सतर्क हो गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने एलएनजी टैंकर को ठंडा रखने और आग लगने के खतरे को कम करने के लिए लगातार पानी का छिड़काव शुरू किया। गैस के रिसाव रोकने और टैंकर को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के प्रयास भी किए गए। अधिकारियों के अनुसार, टैंकर से गैस खाली करने की प्रक्रिया में 24 घंटे से अधिक समय लग सकता है।
दहेज स्थित पेट्रोनेट एलएनजी कंपनी से टैंकर रवाना हुआ था और उसे जोधपुर स्थित एक कंपनी में पहुंचना था। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित एक्सप्रेस-वे खंड पर ट्रैफिक बंद किया गया। वाहनों को करजण के पास से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मौके के आसपास जाने से बचें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।