
अहमदाबाद। गुजरात में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण स्थगित की गई गुजरात लोक सेवा आयोग (जीपीएससी) की 34 भर्तियों की प्रारंभिक परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब सामान्य अध्ययन विषय की यह परीक्षा एक अगस्त शनिवार को दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक आयोजित होगी। इसके साथ ही आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र और परीक्षा केंद्र से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए हैं।
जीपीएससी के अनुसार यह परीक्षा पहले 26 जुलाई रविवार को होनी थी, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में लगातार हुई भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया था। खराब मौसम को देखते हुए आयोग ने 24 जुलाई को परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया था। अब मौसम और अन्य परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद आयोग ने नई परीक्षा तिथि तय कर दी है।
यह परीक्षा गुजरात सरकार के विभिन्न विभागों में 34 भर्तियों के लिए आयोजित की जा रही है। इनमें पशु चिकित्सा अधिकारी, प्रिंसिपल एवं नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग अधीक्षक, महिला एवं बाल अधिकारी, उप बागायत निदेशक, जूनियर स्टाफ ऑफिसर, जनरल मैनेजर, डिप्टी जनरल मैनेजर, मैनेजर, सहायक अभियंता (सिविल एवं मैकेनिकल), अनुसंधान अधिकारी, भू-स्तरशास्त्री, सहायक भू-स्तरशास्त्री, उप पशुपालन निदेशक, संयुक्त खेती निदेशक, औषध निरीक्षक, उप निदेशक (औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य), एस्टेट अधिकारी, आईसीटी अधिकारी, लीगल ऑफिसर, प्रशासनिक अधिकारी, सहायक निदेशक (बॉयलर) और गुजरात शिक्षा सेवा वर्ग-1 सहित कई पद शामिल हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
गुजरात लोक सेवा आयोग ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्रों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने 26 जुलाई को प्रस्तावित परीक्षा के लिए पहले ही अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिया था, उन्हें नया प्रवेश पत्र लेने की जरूरत नहीं होगी। पहले डाउनलोड किया गया वही प्रवेश पत्र एक अगस्त को होने वाली परीक्षा के लिए भी पूरी तरह मान्य रहेगा।
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं किया है, वे 28 जुलाई 2026 को दोपहर 1 बजे से परीक्षा की तारीख तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने बताया कि एक अगस्त की परीक्षा के लिए अलग से नया प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा। जीपीएससी ने अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। परीक्षा दोपहर 3 बजे शुरू होगी, जबकि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश केवल दोपहर 1 बजे से 2:15 बजे तक ही दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। आयोग ने सभी उम्मीदवारों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और जारी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।