
Ahmedabad. गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से जून महीने में ली गई 10वीं, 12वीं विज्ञान संकाय, सामान्य संकाय की पूरक परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को बोर्ड ने वेबसाइट पर घोषित कर दिया। 10वीं बोर्ड की पूरक परीक्षा में 33.05 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जबकि 12वीं विज्ञान संकाय की पूरक परीक्षा का परिणाम 27.36 फीसदी रहा।
12वीं सामान्य संकाय की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों में से 60.86 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।जीएसईबी के तहत 10वीं बोर्ड की पूरक परीक्षा में पंजीकृत 121439 में से 93321 विद्यार्थियों ने पूरक परीक्षा दी थी। उसमें से 30845 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। परिणाम 33.05 फीसदी रहा। छात्रों की तुलना में छात्राओं का परिणाम अधिक रहा। छात्रों का परिणाम जहां 29.86 फीसदी रहा, वहीं छात्राओं का परिणाम उससे करीब 10 फीसदी ज्यादा यानी 39.26 फीसदी रहा। बेस्ट ऑफ टू योजना का लाभ उठाते हुए परीक्षा देने वाले नियमित 408 में से 298 विद्यार्थियों के परिणाम में सुधार हुआ है। संस्कृत प्रथमा की पूरक परीक्षा देने वाले 27 में से 19 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
12वीं विज्ञान संकाय की पूरक परीक्षा का परिणाम 27.36 फीसदी रहा। परीक्षा देने वाले 16120 विद्यार्थियों में से 4411 उत्तीर्ण हुए हैं। ग्रुप की बात करें तो ए ग्रुप 32.29 फीसदी परिणाम के साथ आगे रहा। बी ग्रुप के विद्यार्थियों का परिणाम 25.85 फीसदी और एबी ग्रुप का परिणाम 14.29 फीसदी रहा। छात्रों की तुलना में छात्राओं का परिणाम अधिक रहा। ए ग्रुप में छात्रों का परिणाम 31.39 फीसदी, जबकि छात्राओं का परिणाम 35.46 फीसदी रहा। बी ग्रुप में छात्रों का परिणाम 22.42 फीसदी जबकि छात्राओं का परिणाम 28.50 फीसदी रहा। एबी ग्रुप में छात्रों का परिणाम 20 फीसदी जबकि छात्राओं का परिणाम शून्य रहा। पूरक परीक्षा देने वाले नियमित 13919 विद्यार्थियों में से 28.80 फीसदी यानी 4008 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। जबकि रिपीटर 2201 विद्यार्थियों में से 403 विद्यार्थी यानी 18.31 फीसदी विद्यार्थी पास हुए हैँ। बेस्ट ऑफ टू योजना के तहत पूरक परीक्षा देने वाले 12वीं विज्ञान संकाय के 9584 विद्यार्थियों में से 3587 विद्यार्थियों के परिणाम में सुधार हुआ है, जबकि 5997 में कोई सुधार नहीं हुआ। रिपीटर 127 में से45 विद्यार्थियों का परिणाम सुधरा है।
12वीं सामान्य संकाय की पूरक परीक्षा देने वाले 33944 विद्यार्थियों में से 20658 पास हुए हैं। परिणाम 60.86 फीसदी रहा। इसमें छात्रों का परिणाम जहां 58.22 फीसदी वहीं छात्राओं का परिणाम 66.41 फीसदी रहा। बेस्ट ऑफ टू योजना के तहत पूरक परीक्षा देने वाले नियमित 214 विद्यार्थियों में से 133 विद्यार्थियों के परिणाम में सुधार हुआ है। संस्कृत मध्यमा का परिणाम 92.31 फीसदी रहा। परीक्षा देने वाले 13 में से 12 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।