
साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की टीम की गिरफ्त में आरोपी।
Ahmedabad. गुजरात पुलिस के साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने ऑपरेशन म्यूल हंट 2.0 के तहत देशभर में फैले साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन मामलों में अहमदाबाद और सूरत से चार आरोपियों को पकड़ा है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी फर्मों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने का संगठित नेटवर्क तैयार कर रखा था। इस कार्रवाई में ही जिन बैंक खातों की जांच हुई, उनसे जुड़े 253 साइबर फ्रॉड मामलों में करीब 161 करोड़ रुपए की ठगी होने की बात सामने आई है।
पकड़े गए आरोपियों में अहमदाबाद में वस्त्राल क्षेत्र का विशाल डोडिया, गोमतीपुर का अफजल मंसूरी, सूरत में लिंबायत क्षेत्र का मो.खालिक हुसैन (40) व सोएब राणा (38) शामिल हैं।
प्राथमिक जांच के मुताबिक आरोपी विशाल डोडिया ने 'चामुंडा कम्युनिकेशन' नाम से फर्जी फर्म पंजीकृत कर अलग-अलग बैंकों में तीन खाते खुलवाए। इन खातों का विवरण साइबर सिंडिकेट को उपलब्ध कराया, जिसके जरिए विभिन्न राज्यों के लोगों से ऑनलाइन ठगी गई रकम इन तीन बैंक खातों में जमा कराई गई। विशाल को खाताधारक की भूमिका में गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि चामुंडा कम्युनिकेशन नाम से खुले बैंक खातों में देशभर में साइबर ठगी के 253 शिकायतें दर्ज हैं, जिसमें 161 करोड़ की ठगी का आरोप है। इसमें गुजरात में 23 शिकायतें दर्ज हैं।
भावनगर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक की सर्वर प्रणाली और कोर बैंकिंग सिस्टम में अवैध रूप से प्रवेश कर इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में छेड़छाड़ करने के मामले में मो.खालिक और सोएब राणा को टीम ने सूरत से पकड़ा है। आरोपियों ने कृत्रिम बैंक बैलेंस तैयार कर 7,34,91,682 रुपए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर आर्थिक लाभ उठाया है।इसके अलावा सीआइडी साइबर क्राइम में दर्ज मामले में वांछित आरोपी अफजल मंसूरी को भी अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। जांच में उसके मोबाइल से 197 बैंक खातों का विवरण मिला है, जिनमें से 60 खातों के जरिए देशभर में 132 साइबर ठगी के मामलों में करीब 53.55 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है। इसकी भूमिका बैंक खाते को ऑपरेट करना और ठगी के पैसों को इधर से उधर करना है।
साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस टीम ने पिछले एक महीने में ऑपरेशन 'म्यूल हंट 2.0' के तहत कुल 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों की जानकारी राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीसीआरपी) में जांचने पर देशभर में 1117 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं हैं, जिनमें लगभग 802 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।
Updated on:
03 Jul 2026 09:12 pm
Published on:
03 Jul 2026 09:12 pm
