एक्टिव केस 320 पर पहुंची, केरल, महाराष्ट्र-दिल्ली के बाद चौथी सबसे अधिक संख्या
गुजरात में कोरोना के केस एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। इस वर्ष कोरोना से रविवार को गुजरात में पहली मौत दर्ज की गई। अहमदाबाद महानगरपालिका संचालित मणिनगर स्थित एलजी अस्पताल में 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई। एल जी अस्पताल की चिकित्साा अधीक्षक डॉ लीना शाह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कोरोना से उपचाराधीन 46 वर्ष की महिला की मौत हो गई।राज्य में रविवार को एक ही दिन 55 नए मामले सामने आए। अब राज्य में कुल एक्टिव केसों की संख्या 320 तक पहुंच गई है। यह संख्या केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद चौथी सबसे अधिक है। राज्य में 16 शहर और जिलों में कोरोना के मरीज दर्ज हुए हैं। इनमें से सबसे अधिक 163 मरीज अहमदाबाद शहर में बताए जा रहे हैं। हालांकि इनमें से ज्यादातर मरीज आइसोलेशन के तहत उपचाराधीन हैं।
पिछले 24 घंटे में राज्य में 22 मरीजों को कोरोना मुक्त घोषित कर दिया गया। इन मरीजों को उपचार से छुट्टी मिली है। अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भी शनिवार को एक मरीज को छुट्टी मिलने के बाद अब दो उपचाराधीन हैं। इनमें आठ माह की बच्ची और 44 वर्ष का पुरुष मरीज शामिल हैं। इन दोनों की स्थिर स्थिर बताई गई है।
गत शुक्रवार को भी राज्य में 68 नए मरीज सामने आए थे। इसके बाद 24 घंटे में फिर 55 मरीज सामने आए हैं। देश में फिलहाल सबसे अधिक 64 नए मरीजों के साथ केरल में सबसे अधिक 1400 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 18 नए केसों के साथ कुल 485 और दिल्ली में 61 मरीजों के साथ कुल 436 एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन दिनों दिनों कोरोना का जो वैरिएंट है वह ज्यादा घातक नहीं है, फिर भी सतर्कता बरतना जरूरी है। कोविड के केसों में हर छह से आठ माह में राइजिंग ट्रेंड आता है। ऐसे में घबराएं नहीं सतर्कता बरतने की जरूरत है। इस तरह के वैरिएंट के लक्षणों में हल्का बुखार, सर्दी, खांसी हो सकते हैं। सलाह दी गई है कि होम आइसोलेशन वाले मरीजों को अपने स्वास्थ्य का स्व निरीक्षण करते रहना चाहिए। यदि सांस लेने में दिक्कत, सीने में दर्द जैसे लक्षण हों ते निकट के अस्पताल का संपर्क करना चाहिए।