-16 साल बाद राज्य पुलिस के डॉग ने पाई उपलब्धि, नागपुर में हुई थी पुलिस ड्यूटी मीट
Ahmedabad. गुजरात पुलिस के डॉग ‘चेक’ ने राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर गुजरात का नाम रोशन किया। हाल ही में महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित 69वीं ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में उसने ट्रैकिंग कैटेगरी में गोल्ड मेडल और ओवरऑल ट्रैकिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता। ऐसा कर उसने इस डॉग ने गुजरात पुलिस को 16 साल बाद राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक दिलाया। इस प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 200 डॉग ने हिस्सा लिया था। ट्रैकिंग कैटेगरी में 45 डॉग थे, जिनमें गुजरात पुलिस का चेक सबसे आगे रहा।
गांधीनगर स्थित पुलिस भवन में शुक्रवार को प्रभारी डीजीपी डॉ के एल एन राव ने चेक, उसके हैंडलर रमेश खांट तथा गुजरात पुलिस डॉग ट्रेनिंग कंसल्टेंट कर्नल चंदन सिंह राठौर को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर राठौर ने कहा कि हमारे डॉग चेक ने ट्रैकिंग में गोल्ड और ओवरऑल ट्रैकिंग श्रेणी में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। यह गुजरात पुलिस के लिए गर्व का क्षण है।
गुजरात पुलिस ने इस उपलब्धि के लिए लंबे समय से तैयारी की थी। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता आयोजित में चुने गए नौ डॉग को विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से छह ने राष्ट्रीय स्तर पर भाग लिया। इनमें तीन अलग-अलग श्रेणी में हिस्सा लिया था। जिसमें ट्रैकिंग, विस्फोटक पदार्थ खोज एवं नारकोटिक्स पदार्थ की खोज स्पर्धा शामिल हैं।
गुजरात पुलिस बेड़े में फिलहाल 160 पुलिस डॉग कार्यरत हैं। ये विभिन्न जिलों में तैनात हैं। यह विस्फोटक पदार्थ और नशीले पदार्थों की पहचान करने, अपराधियों की ट्रैकिंग करने, शराब की जांच और असॉल्ट ऑपरेशन जैसे कार्यों में दक्ष हैं।